वन, राजस्व व पुलिस विभाग के कर्मचारी खोजबीन में जुटे
अल्मोड़ा: जिले के द्वाराहाट तहसील क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां घर के आंगन से गुलदार एक वृद्धा को उठा ले गया। वन व पुलिस विभाग की टीम महिला की खोजबीन में जुटी हुई है। फिलहाल महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
घटना मंगलवार देर शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक द्वाराहाट कस्बे से करीब 12 किमी की दूरी पर स्थित ग्राम नाहर (छब्बीसा) तहसील द्वाराहाट निवासी शांति देवी (72 वर्ष) पत्नी विपिन चन्द्र पाठक अचानक अपने घर के आँगन के पास से गायब हो गई। काफी देर बाद परिजनों को इसकी भनक लगी। आंगन से कुछ दूरी पर झाड़ियों के टूटे होने व घसीटे जाने के निशान देखने पर संभावना जताई जा रही है कि महिला को गुलदार उठा ले गया।
कुछ ही देर में इस घटना की सूचना गांव समेत पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। सूचना के बाद वन, राजस्व व द्वाराहाट पुलिस मौके पर गांव पहुंची। टीम द्वारा देर रात करीब 12 बजे तक महिला को ढूंढने का प्रयास किया गया। लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई।
द्वाराहाट रेंज के वन क्षेत्राधिकारी मदन लाल टम्टा ने बताया कि बीती रात को काफी जगहों पर महिला की तलाश की गई। लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार तड़के से दोबारा गांव से सटे जंगल में महिला की खोजबीन जारी है। वन विभाग व पुलिस विभाग की टीम वृद्धा की तलाश में जुटी हुई है।
हमसे व्हाट्सएप पर जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/IZeqFp57B2o0g92YKGVoVz