बदमाश का अस्पताल में चल रहा उपचार
इंडिया भारत न्यूज़ डेस्क(IBN): रुड़की के भगवानपुर से बड़ी खबर है। जहां लूटपाट व हत्या के आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लग गई। जिसे रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद सिविल अस्पताल जाकर जानकारी ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर शाम भगवानपुर पुलिस को सूचना मिली कि ठेकेदार से लूटपाट और हत्या में शामिल एक बदमाश डाडली गांव के पास देखा गया है। इस सूचना पर भगवानपुर थाना पुलिस के अलावा झबरेड़ा और आसपास थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी कर दी। लेकिन बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को गोली लगी। जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। घायल बदमाश को सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया है।
पकड़े गए बदमाश का नाम रोहित, निवासी ग्राम चोली शहाबुद्दीनपुर थाना भगवानपुर है। सूचना मिलने पर हरिद्वार एसएसपी अजय सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस द्वारा अन्य बदमाशों की तलाश में कांबिंग की जा रही है।
ये है मामला-
बीते शुक्रवार को भगवानपुर के सिकंदरपुर स्थित केजरीवाल कंपनी के लेबर ठेकेदार से बदमाशों ने करीब 6 लाख लूट लिए। जिसके बाद ठेकेदार पर चाकू से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया था। घायल को रूड़की सिविल अस्पताल लाया गया था जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया था। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों ने एक बदमाश को धर दबोचा था। इसके बाद पुलिस अन्य बदमाशों की तलाश में लगी हुई थी।
हमसे व्हाट्सएप पर जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/