अल्मोड़ा: विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा जिस प्रकार से जल्दबाजी में थाने को धौलछीना स्थित आईटीआई परिसर में ग्रामीण जनता के विरोध के बाद भी वहां पर खोला जा रहा हैं, जो काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। पूर्व की कांग्रेस सरकार ने ग्रामीण युवाओं-युवतियों को रोजगारपरक व्यवसाय से जोड़ने के लिए दीर्घकालीन सोच के अन्तर्गत आईटीआई भवन की स्थापना की थी। विधायक ने इसे सरकार की आईटीआई को बन्द करने की साजिश करार दिया।
प्रेस को जारी एक बयान में विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि वह धौलछीना में थाना खोलने का स्वागत करते है। वर्तमान में धौलछीना आईटीआई में युवतियां कटिंग एवं टेलरिंग ट्रेड में प्रशिक्षण ले रही हैं। उसी परिसर में थाना खोलने से शैक्षणिक कार्य प्रभावित होगा। जिसका क्षेत्र के ग्रामीण काफी विरोध कर रहे हैं।
विधायक तिवारी ने कहा कि धामी सरकार बेरोजगारों को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने में विफल हैं। अगर भाजपा सरकार ग्रामीण युवाओं एवं युवतियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने में गम्भीर होती तो आईटीआई संस्थान में अन्य व्यवसायिक ट्रेडो को संचालित करती। लेकिन उसी आईटीआई भवन में पुलिस थाना खोलकर भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं और भविष्य में आईटीआई को बन्द करने की साजिश रच रही हैं।
विधायक तिवारी ने कहा कि जनता की सुविधा के लिए एवं शैक्षिक कार्य को प्रभावित किये बगैर धौलछीना में अन्य स्थान पर पुलिस थाने को खोला जाय। उन्होंने कहा कि ब्लॉक मुख्यालय में भी पुलिस थाने को खोलने को पर्याप्त स्थान उपलब्ध हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनभावनाओं को ध्यान में रखकर पुलिस थाने को अन्यत्र स्थान में खोलने की प्रबल मांग की है।
हमसे व्हाट्सएप पर जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/
India Bharat News Latest Online Breaking News