अल्मोड़ा: ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025 को
लेकर जिले में चेकिंग अभियान जारी है। पुलिस के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। एसओजी, एएनटीएफ व पुलिस की संयुक्त टीम ने 162.5 ग्राम स्मैक के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई स्मैक की कीमत 16 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
एसएसपी रामचंद्र राजगुरु ने बताया कि चेकिंग के दौरान बेस तिराहा के पास बाइक संख्या-U.P-22 AY-5152 में सवार अभियुक्त मकसूद अली के कब्जे से 135 ग्राम व अभियुक्त महबूब अली, निवासी रामपुर, यूपी के कब्जे से 27.5 ग्राम स्मैक कुल 162.5 ग्राम स्मैक व एक इलेक्ट्रानिक तराजू बरामद किया गया। स्मैक की कीमत 16,25,000 बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली अल्मोड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर स्मैक तस्करी में प्रयुक्त मोटर साईकिल को सीज किया गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह स्मैक मीरगंज बरेली से खरीद कर लाये। जिसे वह ऊँचे दामों में पहाड़ी क्षेत्रों में बेचकर लाभ कमाने के उद्देश्य से ला रहे थे। विवेचना के दौरान उक्त तस्करी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के नाम प्रकाश में आने पर उनके विरुद्ध भी आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।
एसएसपी रामचंद्र राजगुरु द्वारा बड़ी मात्रा में स्मैक की बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को 5 हजार रुपए के नगद ईनाम से पुरस्कृत किया गया है।
पुलिस टीम में प्रभारी एसओजी सुनील सिंह धानिक, प्रभारी एएनटीएफ सौरभ कुमार भारती, चौकी प्रभारी धारानौला एसआई दिनेश सिंह परिहार, एसओजी से कॉन्स्टेबल राकेश भट्ट, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनमोहन सिंह, यामीन आदि शामिल रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News