अल्मोड़ा: पर्वतीय सस्ता गल्ला विक्रेता कल्याण समिति की हड़ताल जारी है। बुधवार को समिति के जिलाध्यक्ष संजय शाह रिक्खू के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिले में संपर्क अभियान चलाया। पदाधिकारियों ने विश्वनाथ, ढौरा, पौधार, लमगड़ा, चायखान, हाथीखान, शहरफाटक, जैंती, ध्याड़ी, दन्या, पनुवानौला, बाड़ेछीना, पेटशाल के डीलरों से क्रमवार बैठक कर डीलरों की समस्याएं सुनी।
इस दौरान डीलरों के ने कहा कि 13 माह का राशन बांटने के बाद भी अभी तक उन्हें कोई भुगतान नहीं हुआ है। जिससे उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दीवाली पर्व नजदीक है। लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को सुन नहीं रही है।
बैठक के दौरान सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने कहा कि पहाड़ के अधिकांश लोग कंटोल के राशन पर निर्भर हैं। हड़ताल के चलते उन्हें समय से राशन नहीं मिल पा रहा है। जिससे लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिला संगठन हड़ताल करने के लिए मजबूर है।
इस दौरान पदाधिकारियों ने सभी डीलरों को विश्वास दिलाया कि जब तक उन्हें पूरा भुगतान नहीं होगा, हड़ताल जारी रहेगी। अगर जरूरत पड़ी तो संगठन न्यायालय की शरण लेगा।
समिति के जिलाध्यक्ष संजय शाह रिक्खू ने कहा कि जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा अभी तक इस हड़ताल के संदर्भ में संगठन के लोगों से कोई वार्ता नहीं की गई और ना ही उनकी समस्या को जानने के लिए उनसे संपर्क किया गया है। उन्होंने कहा कि संपर्क अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष संजय शाह, दिनेश गोयल, केसर सिंह, विपिन तिवारी, नारायण सिंह, सुरेश समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
हमसे whatsapp पर जुड़े
हमसे youtube पर जुड़ें
https://youtube.com/channel/ UCq06PwZX3iPFsdjaIam7Di
India Bharat News Latest Online Breaking News
