Breaking News

अल्मोड़ा में सीएम धामी ने INDIA एलायंस पर बोला हमला, कहा- ‘ठगबंधन बन कर रह गया गठबंधन’

 

अल्मोड़ा: भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा के नामांकन के अवसर पर अल्मोड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्षी गठबंधन INDIA पर जमकर हमला बोला। सीएम ने कहा कि 2014 में जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने है, विपक्ष के लोग परेशान है। पीएम मोदी को हराने के लिए विपक्ष द्वारा तमाम तरह के हथकंडे अपनाये जा रहे है, षड़यंत्र रचे जा रहे है। सीएम ने कहा कि विप​क्ष ने गठबंधन बनाया है। यह गठबंधन अब ठगबंधन बन कर रह गया है।

रैमजे इंटर कॉलेज के प्रांगण में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री के रूप में मोदी पहली बार पिथौरागढ़ के गुंजी, आदि कैलाश, अल्मोड़ा के जागेश्वर पहुंचे। उनके यहां पहुंचने से पर्यटक कारोबार को गति मिली है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने ना केवल वोट बैंक की राजनीति की है बल्कि वंशवाद, जातिवाद को बढ़ावा दिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था बना है। उनके अगले कार्यकाल में देश तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा, यह तय है। कहा यही कारण है कि देश में विपक्ष के नेता भाजपा की सदस्यता ले रहे हैं। हालात यह है कि विपक्ष के महागठबंधन को खोजने से भी प्रधानमंत्री के रूप में दूसरा चेहरा नहीं मिल पा रहा है।

सीएम ने कहा कि उत्तराखंड में अन्य दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाजपा की सदस्यता ली है। हालात यह हैं कि बाहर से पार्टी में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक होने पर प्रदेश अध्यक्ष को सदस्यता अभियान पर ब्रेक लगाना पड़ा है। उन्होंने कहा सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर इस बार अल्मोड़ा लोकसभा सीट पर प्रत्याशी अजय टम्टा को भारी मतों से विजयी बनाकर प्रधानमंत्री मोदी के हाथों को मजबूत करना होगा।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हाल ही में हमने राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं को समान अधिकार दिलाने का काम किया है। जिस तरह गंगा उत्तराखंड से निकलती है और पूरे देश को जल और जीवन देने का काम करती है, उसी तरह यूसीसी देश के अन्य राज्यों को रास्ता दिखाएगा।

जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, सौरभ बहुगुणा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल, कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, भाजपा जिला महामंत्री धमेंद्र बिष्ट, गोविंद पिलख्वाल, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजयुमो कुंदन लटवाल, पूरन सिंह फर्त्याल्, महेश नेगी, अमित साह मोनू, रवि रौतेला, भाजपा मीडिया प्रभारी राजेंद्र बिष्ट, मंडल अध्यक्ष हवालबाग संजय बिष्ट, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष प्रेम सिंह लटवाल, सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।

कई लोगों ने थामा बीजेपी का दामन

इस मौके पर कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। जिसमें नगर के प्रसिद्ध होटल व्यवसाई राजेश बिष्ट, सेवानिवृत्त मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मनोहर लाल, पूर्व सभासद एनटीडी गिरीश धवन, ग्रीन हिल्स ट्रस्ट की वसुधा पंत, भीमा पंवार, नरेन्द्र कुमार, अजय अवस्थी, गोपाल राम टम्टा, शंकर कुमार, हरीश टम्टा सहित कई लोगों ने भाजपा का दामन थामा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

 

Check Also

Almora:: डीएम का औचक निरीक्षण, बहुमंजिला पार्किंग में पकड़ी कई अव्यवस्थाएं, अधिकारियों को दिए यह निर्देश

अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने नगर क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण …