Breaking News

Almora:: सात साल पहले पिता को खोया… मां ने बढ़ाया हौसला, इंटर के टॉपर पीयूष ने बताई सफलता की कहानी

 

अल्मोड़ा: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के 12वीं बोर्ड परीक्षा के प्रदेश टॉपर विवेकानंद इंटर कॉलेज, रानीधारा के छात्र पीयूष खोलिया का छात्र जीवन काफी संघर्षमय रहा। 7 साल पहले उन्होंने पिता को खो दिया। मां ने उनका हौसला बढ़ाया और बोर्ड के नतीजे आए तो बेटे ने आसमान छू लिया। पीयूष भविष्य में वैज्ञानिक बनकर देश सेवा करना चाहते हैं।

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2024 के परिणाम मंगलवार 30 अप्रैल को घोषित कर दिए गए हैं। इंटरमीडिएट में विवेकानंद इंटर कॉलेज रानीधारा रोड, अल्मोड़ा के छात्र पीयूष खोलिया व एचजीएस एसवीएम आईसी कुसुमखेड़ा हल्द्वानी, नैनीताल की छात्रा कंचन जोशी ने 500 में से 488 अंक प्राप्त कर श्रेष्ठ सूची में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।

नगर के सुनारीनौला निवासी पीयूष ने बताया कि जब वह 5वीं कक्षा में थे तब उनके पिता के एस खोलिया का निधन हो गया था। के एस खोलिया भी विवेकानंद इंटर कॉलेज में शिक्षक थे। माता भगवती खोलिया विवेकानंद बालिका विद्या मंदिर जीवनधाम में शिक्षिका हैं। घर का इकलौता होने के कारण कम उम्र में ही उन पर परिवार की जिम्मेदारी आ गई लेकिन उसने इसका बखूबी सामना किया। शिक्षक माता-पिता के घर जन्मे पीयूष को बचपन में ही शैक्षिक वातावरण मिला। मां के संघर्ष ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इंटर टॉप कर पीयूष ने मां के आंचल को खुशियों से भर दिया है।

भौतिक व रसायन विज्ञान में मिले शत प्रतिशत अंक

पीयूष को गणित में 95, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान में 100-100, जीव विज्ञान में 99, अंग्रेजी में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। पीयूष ने कहा कि अंकों से खुद का आकलन करना गलत है। पढ़ाई रटने के लिए नहीं करनी चाहिए। विषयों को समझना जरुरी है। गणित और भौतिक विज्ञान विषयों के सवालों का पूर्वाभ्यास करना चाहिए। जो सवाल नहीं आता है उसे बार-बार हल करें।

उत्तराखंड बोर्ड के इंटर टॉपर पीयूष खोलिया ने कहा कि परीक्षा के समय टाइम मैनेजमेंट यानी समय का प्रबंधन बहुत जरूरी है। सुबह जागने से लेकर एक्सरसाइज, खाना, पढ़ाई और अच्छी नींद सभी कुछ समय से होना चाहिए। पढ़ाई के समय के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

विवेकानंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावल ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनके विद्यालय के छात्र ने प्रदेश में टॉप किया है। उन्होंने कहा कि पीयूष मेधावी छात्र है। 10वीं की बोर्ड परीक्षा में भी उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। पीयूष की मां भगवती खोलिया ने बताया कि उन्हें अपने बच्चे पर पूरा विश्वास था कि वो जो करेगा, अच्छा ही करेगा। वो बहुत मेहनत करता है।

 

 

Check Also

Kotwali

आर्मी कैंट परिसर में अज्ञात चोर ने कई घरों में बोला धावा, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

अल्मोड़ा। नगर के आर्मी कैन्ट परिसर में चोरी का मामला सामने आया है। जहां अज्ञात …

preload imagepreload image
00:01