Breaking News

अल्मोड़ा में 5 नवंबर से शुरू होगा जय गोलू महोत्सव, कई राज्यों के लोक कलाकार बिखरेंगे अपनी कला का जादू

अल्मोड़ा। सांस्कृतिक नगरी में गोलू महोत्सव पांच नवंबर से शुरू होगा। नौ नवंबर राज्य स्थापना दिवस तक मल्ला महल में आयोजित होने वाले इस महोत्सव की तैयारियां जोरो पर है। पांच नवंबर को चितई मंदिर में पूजा अर्चना व नंदा देवी मंदिर प्रांगण से मल्ला महल तक भव्य शोभा यात्रा के साथ इस महोत्सव का शुभारंभ होगा।

महोत्सव का आयोजन करा रही संस्कार सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण समिति के अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी व सचिव प्रकाश सिंह बिष्ट ने आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि महोत्सव में उत्तराखंड के कई लोक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। साथ ही महोत्सव में हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र से आने वाले लोक कलाकार अपनी राज्य की संस्कृति की छटा बिखेरेंगे। महोत्सव में हर रोज स्टार नाईट होगी, जिसमें उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोकगायक दीवान कनवाल, इंदर आर्या, राकेश खनवाल समेत कई लोकगायक अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगे।

इसके अलावा महिला झोड़ा प्रतियोगिता, कुमाउंनी महिला नृत्य प्रतियोगिता, 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं की ऐंपण प्रतियोगिता, पिथौरागढ़ की हिलजात्रा, सीनियर व जूनियर वर्ग में बालक बालिकाओं की लोक गीत, लोक नृत्य प्रतियोगिता आयोजित होगी। महोत्सव में छपेली, डांडिया, चौफला, गरबा, फाग, घूमर, बीनजोगी, भवई, सिद्धिधमाल की भी मनमोहन प्रस्तुतियां दी जाएगी। वही, आठ नवंबर को प्रसिद्ध कत्थक कलाकार शिप्रा जोशी अपनी प्रस्तुति देंगी। इससे पहले गोलू महोत्सव 2024 के पोस्टर का विमोचन किया गया।

कार्यक्रम के संयोजक व पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा रवि रौतेला ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से जहां उत्तराखंड की संस्कृति का प्रचार-प्रसार होगा। वही, दूसरे राज्यों से पहुंच रहे कलाकारों की प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को उनकी संस्कृति से रूबरू होने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा की अपनी एक पहचान है। यहां की संस्कृति, रीति रिवाजों को देश के कोने-कोन व विश्व पटल तक ले जाने के प्रयास करने होंगे।

प्रेस वार्ता में संयोजक पूरन रौतेला, सांस्कृतिक संयोजक ललित मोहन बिष्ट, उपसचिव अमर बोरा आदि मौजूद रहे।

Check Also

हिंदू सेवा समिति की बैठक, नव संवत्सर कार्यक्रम की रूपरेखा तय, यात्रा को भव्य बनाने की तैयारी

अल्मोड़ा: नव संवत्सर के आयोजन को लेकर रविवार को हिंदू सेवा समिति द्वारा बैठक आहूत …