अल्मोड़ा: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के दौरान अल्मोड़ा में राजनीतिक गतिविधियां भी चर्चा का विषय बनीं। दर्जा राज्य मंत्री एवं भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात कर उनको पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
नितिन नवीन के साथ अपनी पुरानी संगठनात्मक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कुंदन लटवाल ने अपने फेसबुक पोस्ट पर कहा कि नितिन नबीन ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में संगठन तथा युवा कार्यकर्ताओं को नेतृत्व प्रदान किया है। जब नितिन नबीन युवा मोर्चा की टीम का नेतृत्व कर रहे थे, उस समय उन्हें भी उत्तराखंड युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य करने का अवसर मिला था।
लटवाल ने आगे कहा कि नितिन नवीन के मार्गदर्शन में काम करते हुए उन्हें संगठन के प्रति समर्पण, अनुशासन और युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की प्रेरणा मिली। यही वजह है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन के साथ मुलाकात उनके लिए महज एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पुराने संगठनात्मक संबंधों को याद करने वाला भावनात्मक क्षण भी रहा।
दर्जा राज्यमंत्री लटवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। ऐसे में एक ही राजनीतिक संगठन की युवा इकाई से निकलकर आज नितिन नवीन का भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पुष्कर सिंह धामी का उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचना भाजपा के संगठनात्मक ढांचे और युवा नेतृत्व की भूमिका को भी रेखांकित करता है। युवा मोर्चा के संगठनात्मक दायित्वों से निकलकर आज दोनों नेता अलग-अलग महत्वपूर्ण भूमिकाओं में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं। दोनों का नेतृत्व कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
2027 की तैयारी से जोड़कर देखी जा रही मुलाकात
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि कुंदन लटवाल आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा रहे हैं। ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के साथ सार्वजनिक रूप से उनकी मौजूदगी को संगठन के भीतर अपनी सक्रियता और राजनीतिक दावेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
अल्मोड़ा विधानसभा सीट पर भाजपा की आगामी रणनीति को लेकर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है, लेकिन चुनावी तैयारियों के बीच पार्टी के संभावित दावेदारों की सक्रियता धीरे-धीरे बढ़ती दिखाई दे रही है। लटवाल की नितिन नबीन और मुख्यमंत्री धामी के साथ यह मुलाकात भी चर्चा का विषय बन गई है।
राजनीतिक रूप से देखें तो 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अल्मोड़ा में भाजपा के भीतर संगठनात्मक सक्रियता और संभावित दावेदारों की गतिविधियां आने वाले समय में और तेज होने के संकेत दे रही हैं। ऐसे में राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ स्थानीय नेताओं की बढ़ती सक्रियता को आने वाले चुनावी समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
India Bharat News Latest Online Breaking News