अल्मोड़ा। डीएम आलोक कुमार पांडेय गुरुवार को रानीखेत तहसील के अंतर्गत काकड़ीघाट क्षेत्र का भ्रमण किया। डीएम ने चौपाल लगाकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क, पानी, जंगली जानवर, सिंचाई जैसे विभिन्न मुद्दों को लेकर डीएम को शिकायती पत्र सौंपे। जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा बल्कि उन पर सकारात्मक कार्यवाही की जाएगी। जल जीवन मिशन के कार्यों की शिकायत पर डीएम ने कहा कि जिलेभर में जल जीवन मिशन के कार्यों की जांच कराई जा रही है। जांच में जिसकी भी गलती सामने आएगी उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद डीएम ने गढ़स्यारी गांव में उद्यान विभाग के माध्यम से लगाए गए किशन सिंह के आडू के बगीचे का भी निरीक्षण किया। डीएम ने मुख्य उद्याग अधिकारी को बागवानी में अन्य किसानों को भी जोड़े जाने के निर्देश दिए।
डीएम ने काकड़ीघाट पहुंचकर कर्कटेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन किए तथा स्वामी विवेकानंद के ध्यान स्थल का भ्रमण किया। ज्ञानवृक्ष एवं स्वामी विवेकानंद ही से जुड़ी चीजों के बारे में विभिन्न जानकारी प्राप्त की। डीएम ने कहा कि यह स्थल अध्यात्म की विशिष्टता को समेटे हुए है। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं व्याप्त हैं, इस क्षेत्र को आध्यात्मिक पर्यटन के रूप में विकसित किए जाने की जरूरत है। डीएम ने अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों से क्षेत्र में पर्यटन विकास के लिए चर्चा की। साथ ही इस स्थल की सुंदरता के लिए सुविधाओं एवं ब्यूटीफिकेशन के कार्य करने के लिए निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत राहुल आनंद, मुख्य कृषि अधिकारी विनोद शर्मा, तहसीलदार हेमंत मेहरा, बीडीओ ताराचंद समेत अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News