अल्मोड़ा। जिले में हल्की बारिश शुरू होते ही बिजली व्यवस्था चरमरा गई। शनिवार को कई जगहों पर हाईटेंशन लाईन व ट्रांसफार्मरों में तकनीकि समस्या आने से दिनभर में अधिकांश समय बिजली गुल रही। जिससे लोग ठंड में ठिठुरने को मजबूर हुए। शहर में शाम करीब 5:30 बजे विदृयुत आपूर्ति बहाल हुई।
जिला मुख्यालय समेत कई जगहों पर शनिवार को हल्की बारिश दिनभर जारी रही। बारिश के बाद पारा गिरने से ठंड में इजाफा हुआ है। ऐसे में बिजली बाधित होने से लोग दिनभर विद्युत विभाग की व्यवस्था को कोसते रहे। बिजली गुल होने से जहां कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ा वही, सरकारी और निजी कार्यालयों में कार्य प्रभावित हुए।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि नगर क्षेत्र में कैंट के पास 11 केवी लाईन में डिस्क पंक्चर व स्पार्किंग की शिकायत थी। इसके अलावा शौकियाथल में ट्रांसफार्मर फूंक चुका है। जबकि दन्या, पौधार, लमगड़ा में भी लाईनों में तकनीकि समस्या व अन्य वजहों से बिजली व्यवस्था बाधित रही। वही, 132 केवी हाईटेंशन लाईन में फाल्ट आ गया था। खत्याड़ी बिजली घर में 11 हजार केवी के फीडर पैनल में दिक्कत आने से क्षेत्र में बिजली गुल रही। धौलछीना के निकट कलोन जंगल में चीड़ के पेड़ गिरने से 11 केवी विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे धौलछीना, कसाणबैण्ड, जमराड़ी, कनारीछीना, लिंगुणता, मंगलता, सेराघाट क्षेत्र के करीब चार दर्जन गांवो की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
ईई, विद्युत वितरण खंड कन्हैया जी मिश्रा ने कहा कि कुछ जगहों पर समस्या ठीक कर ली गई है। जबकि कुछ जगहों पर कार्य गतिमान है, जल्द समस्या को ठीक कर लिया जाएगा।
India Bharat News Latest Online Breaking News