मेयर व पार्षद पद पर दो-दो प्रत्याशियों ने वापस लिए नाम, पार्षद पद पर 150 उम्मीदवार आजमा रहें किस्मत
अल्मोड़ा। नगर निगम समेत सभी पांचों निकायों में चुनाव का शोर पूरे चरम पर है। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों ने खुद को पूरी तरह चुनाव प्रचार में झोंक दिया है। भाजपा से बगावत करने वाले मनोज वर्मा व कांग्रेस से बगावत कर नामांकन कराने वाले मदन मोहन वर्मा ने मेयर पद पर अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया है। अब मेयर पद के लिए कुल तीन उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए हैं।
भाजपा से अजय वर्मा, कांग्रेस से भैरव नाथ गोस्वामी और निर्दलीय प्रत्याशी अमन अंसारी मेयर बनने के लिए एक दूसरे को टक्कर देंगे। अमन अंसारी कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। आखिरी दिन भी कांग्रेस उन्हें मनाने में असफल साबित हुई है।
पार्षद पर सेलखोला वार्ड से सलमान अंसारी और विवेकानंद पूरी वार्ड से सुधीर वाल्मीकि ने अपना नामांकन वापस लिया है। इस तरह अब 40 वार्डों में पार्षद पद के लिए 150 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाएंगे। जबकि राजपुरा वार्ड से मुकेश कुमार का निर्विरोध निर्वाचन तय है।
चिलियानौला नगरपालिका में अध्यक्ष पद पर 4 दावेदार
अल्मोड़ा। नगरपालिका चिलियानौला में अध्यक्ष पद पर चार लोगों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। जिसमें जीवन सिंह कुवारबी, नवल किशोर पांडेय, रोहित शर्मा और हिमांशु बिष्ट शामिल हैं। सभासद में वार्ड नंबर एक से गीता आर्या ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। यहां अब अध्यक्ष के लिए चार और सभासद के लिए 19 दावेदार चुनाव रण में है।
भिकियासैंण नंप में अध्यक्ष पद पर 10 प्रत्याशी
नपं भिकियासैंण, द्वाराहाट व चौखुटिया से अध्यक्ष व वार्ड सदस्य पद पर किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया। नपं भिकियासैंण में अध्यक्ष पद पर 10 और वार्ड सदस्य के लिए 12 प्रत्याशी, नपं चौखुटिया में अध्यक्ष में तीन और वार्ड सदस्य में 16 प्रत्याशी तथा नपं द्वाराहाट में अध्यक्ष पद पर पांच एवं वार्ड सदस्य में 14 उम्मीदवार निकाय चुनाव में अपनी किस्मत आजमाएंगे। भिकियासैंण के वार्ड नंबर चार से पार्वती देवी तथा चौखुटिया के वार्ड नंबर एक से नीला कैड़ा का निर्विरोध निर्वाचन होना तय है।
India Bharat News Latest Online Breaking News