अल्मोड़ा। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में किया गया। इस बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और डीएम द्वारा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।
बैठक के दौरान डीएम ने आरटीओ एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में संबंधित वाहनों को तुरंत जब्त किया जाए। उन्होंने सड़क एवं फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाना चाहिए ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके। डीएम ने कहा कि राष्ट्रीय खेल के दौरान देश भर के प्रतिभागी यहां आएंगे। इसलिए रोड पर ट्रैफिक भी बढ़ेगा, अतः इस दौरान विशेष सतर्कता बनाए रखने की जरूरत है। साथ ही डीएम ने वाहनों में ओवरलोडिंग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कहा कि किसी भी वाहन में तय सीमा से अधिक सवारियों या सामान की ढुलाई न हो। ओवरलोडिंग से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए इस पर सख्त कार्रवाई की जाए।
डीएम ने पुलिस और परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि वे सड़क सुरक्षा के तहत निरंतर चेकिंग करते रहें और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर सड़क संकेतक (साइन बोर्ड) क्षतिग्रस्त हैं, उनकी मरम्मत शीघ्र कराई जाए ताकि सड़क पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।
इस बैठक में एसई पीडब्ल्यूडी जेएस ह्यांकी, सीएमओ डॉ. आरसी पंत, आरटीओ अनिता चन्द्र एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News