Breaking News
Manoj tiwari, mla almora

फलसीमा सड़क निर्माण उद्धाटन मामला:: विधायक ने कहा- विशेषाधिकार का हुआ हनन, मामले को सदन में उठाएंगे

अल्मोड़ा। फलसीमा में मेरा गांव मेरी सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण कार्य का उद्धाटन भाजपा कार्यकर्ताओं से कराने पर विधायक मनोज तिवारी ने रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा कर पार्टी विशेष के कार्यकर्ताओं से सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन कराने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रेस को जारी बयान में विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार में राज्य में अफसरशाही इस कदर हावी हो चुकी है कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों को महत्व देना तक उचित नहीं समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्पष्ट रूप से यह मामला विशेषाधिकार हनन का है, जिसे जरूरत पड़ने पर सदन में उठाया जाएगा।

विधायक ने कहा कि अधिकारी बताए कि जिस दिन सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन कराया गया क्या उस सड़क के निर्माण कार्य के लिए धनराशि जारी की जा चुकी थी। छह मार्च को इस सड़क के निर्माण कार्य की धनराशि निर्गत हुई है और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा दो मार्च को ही सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन करना हास्यास्पद है।

विधायक ने भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि जिन सड़कों के निर्माण के लिए उनके द्वारा प्रयास ही नहीं किया गया उन सड़कों का उद्घाटन करने का अधिकार भाजपा कार्यकर्ताओं को किसने दे दिया। उन्होंने कहा कि लगातार विस की सड़कों के निर्माण के लिए वें सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ता अपने मुंह मियां मिट्ठू बनकर इन विकास कार्यों का श्रेय लेने की होड़ लगाए बैठे हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के दबाव में मनमाने तरीके से कार्य न करें।

Check Also

अल्मोड़ा अर्बन बैंक की 71 वीं शाखा का रुद्रप्रयाग में शुभारंभ, उद्धाटन के पहले दिन 100 से अधिक खाते खोले गए

-नई शाखा में सीबीएस, आरटीजीएस, एनईएफटी, आईएमपीएस और मोबाइल बैंकिंग जैसी सुविधाएं रहेंगी उपलब्ध   …