राजस्व पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, मामले के बाद आरोपित डॉक्टर फरार, तलाश में जुटी पुलिस
अल्मोड़ा। जिले के गोविंदपुर क्षेत्र की एक निवर्तमान महिला ग्राम प्रधान की कुछ आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया में वायरल करने का मामला सामने आया है। महिला ने एक दंत चिकित्सक, सरकारी स्कूल की शिक्षिका और टैक्सी चालक पर इस मामले में कई तरह के आरोप लगाए हैं। पीड़िता की तहरीर पर पटवारी चौकी गोविंदपुर में तीनों आरोपितों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले के सामने आने के बाद आरोपित डॉक्टर फरार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गोविंदपुर क्षेत्र निवासी एक महिला की कुछ आपत्तिजनक फोटो वायरल कर दी गई। जिसके बाद इलाके में बवाल खड़ा हो गया। महिला निवर्तमान ग्राम प्रधान हैं। जबकि उसका पति रोडवेज चालक है। महिला का आरोप है कुछ लोगों ने उसे बदनाम करने व षड़यंत्र के तहत उसकी आपत्तिजनक फोटो वायरल की है।
इस मामले में मोहम्मद सैफ नाम के एक दंत चिकित्सक पर संलिप्त होने के आरोप लगे है। आरोपित डॉक्टर पिछले दो साल से अधिक समय से गोविंदपुर में अपना निजी क्लिनिक संचालित करता है। गत शुक्रवार को जब इस बात की भनक महिला के पति को लगी तो उसने कुछ ग्रामीणों के साथ क्लीनिक पहुंचकर डॉक्टर के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान काफी देर तक हंगामा हुआ। जिसके बाद डॉक्टर वहां से फरार हो गया।
इस पूरे मामले में क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका और टैक्सी चालक भी शामिल होना बताया जा रहा है। मामला बढ़ता देख शनिवार को तहसीलदार ज्योति धपवाल और अल्मोड़ा कोतवाली, द्वाराहाट व सोमेश्वर थाना की फोर्स गोविंदपुर पहुंची। पीड़ित महिला से पूछताछ की गई और उसके बयान लिए गए। देर शाम शिक्षिका व टैक्सी चालक को पूछताछ के लिए महिला थाना लाया गया। जहां कई घंटे तक दोनों से पूछताछ की गई। फिलहाल इस मामले में प्रशासन व पुलिस के अधिकारी बहुत कुछ कहने से बच रहे हैं।
राजस्व उपनिरीक्षक गोविंदपुर राजेश कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपित डॉक्टर मोहम्मद सैफ, टैक्सी चालक भीम सिंह चिलवाल और शिक्षिका के खिलाफ बीएनएस की धारा 64, 74, 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ व जांच के बाद ही मामले की सही जानकारी सामने आएगी।
एसएडीएम सदर संजय कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिक्षिका व टैक्सी चालक से पूछताछ की जा रही है। फरार चल रहे डॉक्टर की पुलिस तलाश कर रही है।
India Bharat News Latest Online Breaking News