अल्मोड़ा। तहसील के गोविंदपुर राजस्व क्षेत्र में एक महिला की आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया में वायरल करने के मामले में आरोपित दंत चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले के सामने आने के बाद आरोपित डॉक्टर अपना क्लीनिक छोड़कर फरार हो गया था। रविवार तड़के रेगुलर और राजस्व पुलिस ने आरोपित को उसके घर रामपुर, उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है।
मूल रूप से देवीपुरा, थाना व तहसील टांडा रामपुर, उत्तरप्रदेश निसासी 24 वर्षीय मोहम्मद सैफ पुत्र इवले हसन यहां गोविंदपुर में अपना क्लीनिक संचालित करता है। गत दिवस स्थानीय निवासी एक महिला ने दंत चिकित्सक पर उसकी कुछ आपत्तिजनक फोटो को वायरल करने को लेकर आरोप लगाए थे। साथ ही क्षेत्र के ही एक सरकारी स्कूल में तैनात शिक्षिका और टैक्सी चालक के मामले में संलिप्त होने के आरोप लगे थे।
राजस्व पुलिस ने महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शिक्षिका व टैक्सी चालक को हिरासत में लिया था। गत शनिवार की देर शाम दोनों को महिला थाना लाया गया, जहां दोनों से कई घंटे तक पूछताछ की गई।
नायब तहसीलदार दीवान सलाल ने बताया कि रेगुलर पुलिस की मदद से आरोपित डॉक्टर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है और कोर्ट पेशी की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर समेत तीनों के मोबाइल कब्जे में लेकर सील कर दिए है। जल्द ही तीनों मोबाइलों की सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) रिपोर्ट निकाली जाएगी। रिपोर्ट के सामने आने के बाद ही मामले का पूरा खुलासा हो पाएगा।
उन्होंने बताया कि ठोस तथ्य न होने की वजह से फिलहाल शिक्षिका व टैक्सी चालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जांच व सीडीआर रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
India Bharat News Latest Online Breaking News