अल्मोड़ा। जिले के धौलादेवी विकासखंड के ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर प्रयाग सिंह बिष्ट निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। मंगलवार को नाम वापसी के दिन चगेठी सीट से क्षेत्र पंचायत सदस्य यमुना पांडेय ने अपना नाम वापस लिया, जिसके बाद प्रयाग सिंह बिष्ट को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
धौलादेवी में ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर प्रयाग सिंह बिष्ट एवं यमुना पांडेय ने नामांकन दाखिल किया था। आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को नाम वापसी की प्रक्रिया हुई। जिसमें यमुना पांडेय ने अपना नाम वापस लिया है। जिसके बाद प्रयाग सिंह बिष्ट को ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। प्रयाग के निर्विरोध ज्येष्ठ उप प्रमुख बनने पर समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
विकासखंड के मेल्टाजोल निवासी प्रयाग सिंह बिष्ट चौनडुंगरी क्षेत्र पंचायत सीट से चुनाव जीते थे। जहां उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी गणेश सिंह को 157 वोटों से शिकस्त दी थी। प्रयाग को 430 वोट पड़े। जबकि गणेश सिंह को 273 मत हासिल हुए थे। यहां कुल 720 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। जिसमें 17 मत खारिज हुए थे।
ज्येष्ठ उप प्रमुख पद निर्विरोध निर्वाचित होने पर प्रयाग सिंह बिष्ट ने मेल्टाजोल, चौनडुंगरी क्षेत्र की जनता व अपने सभी समर्थकों का आभार जताया है। बिष्ट ने कहा कि जिन उम्मीदों के साथ स्थानीय जनता ने उन्हें अपना प्यार व आशीर्वाद दिया, वह उन पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए संघर्षरत रहेंगे।
प्रयाग सिंह बिष्ट के निर्विरोध ज्येष्ठ उप प्रमुख चुने जाने पर संतोष सिंह, सुरेंद्र सिंह चौहान, राजेंद्र गैड़ा, उज्जवल सिंह, मोहित मेहरा, शंकर सिंह बिष्ट समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई व शुभकामनांए प्रेषित की है।
India Bharat News Latest Online Breaking News