Breaking News
Oplus_131072

अल्मोड़ा जिला पंचायत में ‘कमल’ खिला, ‘हाथ’ फिसला… अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनों पदों पर बीजेपी का कब्जा

अल्मोड़ा। जिला पंचायत अल्मोड़ा में सत्तारूढ़ भाजपा चुनाव जीत गई है। भाजपा प्रत्याशी हेमा गैड़ा ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी सुनीता कुंजवाल को चार मतों के अंतर से परास्त कर दिया। हेमा गैड़ा को कुल 24 वोट पड़े। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता कुंजवाल को 20 मत हासिल हुए। उक्रांद प्रत्याशी सरस्वती किरौला को एक वोट पड़ा।

उपाध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह नेगी ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी शंभू सिंह रावत को सात मतों के अंतर से शिकस्त दी। सुरेंद्र को 26 तो शंभू को 19 वोट पड़े।

 

 

गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया गया। जिपं अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की ओर से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व कांग्रेस के शीर्ष नेता गोविंद सिंह कुंजवाल की पुत्रवधू सुनीता कुंजवाल और भाजपा से हेमा गैड़ा को चुनावी मैदान में उतारा गया था। जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव में भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर हेमा गैड़ा ने धौलादेवी की खोला सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। सीट महिला आरक्षित होने के बाद में भाजपा ने हेमा को अपना प्रत्याशी घोषित किया। वही, यूकेडी प्रत्याशी सरस्वती किरौला को खुद का एक मत हासिल हुआ।

सुबह 10 बजे निर्धारित समय में मतदान शुरू हुआ। दोपहर 12 बजे सभी 45 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। तीन बजे से मतगणना शुरू हुई। जिसके बाद आधिकारिक रूप से जिपं अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की हेमा गैड़ा और उपाध्यक्ष पद पर सुरेंद्र सिंह नेगी को विजयी घोषित किया गया। मतदान का परिणाम आने के बाद भाजपा कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे। कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण व आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।

जीत की आधिकारिक घोषणा होने के बाद नवनिर्वाचित जिपं अध्यक्ष हेमा गैड़ा कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, जिलाध्यक्ष महेश नयाल के साथ प्रमाण पत्र लेने जिपं कार्यालय पहुंची। जहां जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।

 

Check Also

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह संपन्न, राज्यपाल ने मेधावियों को बांटे पदक

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह संपन्न, राज्यपाल ने मेधावियों को बांटे पदक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *