इंडिया भारत न्यूज डेस्क: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंचायत चुनाव के दौरान नैनीताल एवं बेतालघाट में हाल ही में हुए घटनाक्रमों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संपूर्ण मामले की विस्तृत जांच कुमाऊं मंडल के आयुक्त करेंगे। आयुक्त को यह आख्या 15 दिवस के भीतर शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए है।
घटनाओं के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बेतालघाट में हुई फायरिंग सहित अन्य घटनाओं को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी भवाली का स्थानांतरण जनपद से बाहर अन्यत्र करने के निर्देश दिए है। साथ ही, थानाध्यक्ष तल्लीताल को भी जनपद नैनीताल से बाहर स्थानांतरित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया है कि नैनीताल एवं भवाली में हुई घटनाओं तथा इस दौरान दर्ज समस्त प्राथमिकी की विस्तृत जांच अब सीबीसीआईडी द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सीएम ने की विपक्षी नेताओं से बात
नैनीताल पंचायत चुनाव से जुड़े प्रकरण को लेकर गैरसैंण विधानसभा में लगातार धरने पर बैठे विपक्षी दल के नेताओं से सीएम ने फोन पर बात कर धरना समाप्त करने की अपील की है। सीएम धामी ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और विधायक प्रीतम सिंह से फोन पर बातचीत कर उनकी मांगों को लेकर चर्चा की। सीएम ने कहा कि उनकी जो भी मांगें हैं, उन पर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने दोनों नेताओं से धरना समाप्त करने और विधायक आवास पर लौटने की अपील की। लेकिन विपक्ष ने सीएम की अपील को मानने से इनकार कर दिया और रातभर धरने में अड़े रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News