अल्मोड़ा। पहाड़ की लाइफलाईन अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग क्वारब डेंजर जोन के पास पिछले एक साल से अधिक समय से जी का जंजाल बना हुआ है। मां नंदा ट्रक आनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सर्किट हाउस में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा को ज्ञापन सौंप क्वारब में मालवाहक वाहनों की आवाजाही शुरू कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा कि क्वारब डेंजर जोन के पास भूस्खलन की समस्या के चलते लोडेड वाहन हल्द्वानी से वाया रानीखेत होते हुए अल्मोड़ा आ रहे हैं। करीब 50 किमी के अतिरिक्त फेर से वाहन स्वामी और नगर की जनता दोनों पर महंगाई की मार पड़ रही है। और ट्रक स्वामियों को आर्थिक व समय का काफी नुकसान हो रहा है।
पदाधिकारियों ने कहा कि बारिश के दौरान उनके ट्रक क्वारब से आवाजाही नहीं करेंगे लेकिन अन्य समय में इस मार्ग को ट्रकों के लिए जाने की अनुमति दी जाए। उन्होंने क्वारब डेंजर जोन की समस्या का जल्द से निदान कराने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, सचिव आनंद सिंह रावत, लाल सिंह जलाल, रवि जोशी, हरीश बिष्ट आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News