अल्मोड़ा। बारिश के चलते नदी नाले पूरे उफान पर है। कोसी नदी में पानी का बहाव काफी तेज है। सोमवार शाम क्वारब के पास एक पोकलैंड मशीन उफनाई कोसी नदी के बीचों बीच फंस गई। जिसमें मशीन का आपरेटर भी फंस गया।
गौरतलब है कि क्वारब के वैकल्पिक मार्ग के तौर पर बाईपास के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत हुए है। बाईपास का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। कटिंग कार्य में लगे पोकलैंड मशीन के आपरेटर ने सोमवार शाम क्वारब और चोपड़ा के बीच जबरन मशीन से कोसी नदी को पार करने की कोशिश की। लेकिन वह इसमें कामयाब नहीं हो पाया। उफान में आई कोसी नदी के तेज वेग से मशीन व उसका आपरेटर बहते बहते बच गए। आपरेटर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए मशीन के रॉक बकेट को नदी में गाढ़ दिया। जिससे मशीन वही पर रूक गई।
कई घंटो तक आपरेटर मशीन के अंदर फंसा रहा। बाद में बाईपास निर्माण कार्य में लगे अन्य श्रमिक और स्थानीय लोग घटनास्थल पहुंचे। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आपरेटर को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मौत की मुंह से बच कर निकले आपरेटर ने राहत की सांस ली।
बरसात के चलते नदी नाले इस समय काफी उफान पर है। छोटी सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है। जिला प्रशासन की ओर से लगातार लोगों से नदी नालों के किनारे न जाने की अपील की जाती है। बावजूद इसके कुछ लोग लापरवाही बरत कर अपनी और दूसरों की जिंदगी खतरे में डाल रहे हैं।
India Bharat News Latest Online Breaking News