Breaking News
Oplus_131072

क़्वारब निर्माण कार्य में लापरवाही पर व्यापारियों समेत विभिन्न संगठनों में रोष, डीएम ने स्थलीय निरीक्षण कर दिए ये निर्देश

अल्मोड़ा। क्वारब में निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत के बाद जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने मंगलवार को क्वारब का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान एनएच के अधीक्षण अभियंता हरीश पांगती, अधिशासी अभियंता अशोक कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान डीएम ने अधिकारियों से अब तक हुए निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली। डीएम ने अब तक हो चुके तथा वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन किया। कहा कि निर्माण कार्य में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

डीएम ने अधिकारियों को गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। ताकि जल्द से लोगों को समस्या से निजात मिल सके। इस दौरान स्थानीय लोगों ने डीएम को निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही को लेकर अवगत कराया।

एसई पांगती ने मीडिया को बताया कि जहां-जहां कमियां पाई गई हैं, उन्हें सुधारने के निर्देश दे दिए गए हैं। डेंजर जोन में निर्माण कार्य के दौरान धूल के गुबार को रोकने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। इस दौरान एई गिरीश पांडेय, जेई जगदीश पपनै आदि मौजूद रहे।

व्यापारियों ने चक्काजाम, मशाल जुलूस व बाजार बंद की दी चेतावनी

अल्मोड़ा। क्वारब में एक साल बाद भी हालात नहीं सुधरने और 24 घंटे सभी वाहनों के लिए हाइवे को सुचारू नहीं किए जाने से व्यापारियों में भयंकर आक्रोश है। मंगलवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल व ट्रांसपोर्ट यूनियन की बैठक हुई। व्यापारियों ने कहा क्वारब में हाईवे के खस्ताहाल से ट्रांसपोर्ट, पर्यटन का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तय हुआ कि 11 से 14 सितंबर तक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद भी मांग पूरी न होने पर मशाल जुलूस निकालने, चक्काजाम करने तथा बाजार बंद करने की चेतावनी दी। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज अरोड़ा, जिलाध्यक्ष सुशील साह, महामंत्री भैरव गोस्वामी, हरीश मिश्रा, कार्तिक साह सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

 

उलोवा ने क्वारब में घटिया निर्माण पर जताई चिंता

अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड लोक वाहिनी की बैठक में वक्ताओं ने क्वारब की बदहाली व घटिया निर्माण पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर ध्यान देने व शीघ्र वैकल्पिक मार्ग बनाए जाने की मांग की। नगर की मॉल रोड की खस्ताहालत पर भी चिंता जताई और शीघ्र सड़कों को दुरुस्त करने की मांग की है। बैठक में अधिवक्ता जगत रौतेला, जंगबहादुर थापा, अजयमित्र सिंह बिष्ट, बिशन दत्त जोशी, रेवती बिष्ट, अजय मेहता, दयाकृष्ण काण्डपाल आदि मौजूद रहे।

क्वारब सुधारीकरण संघर्ष समिति करेगी जनांदोलन

अल्मोड़ा। क्वारब सुधारीकरण संघर्ष समिति की बैठक में वक्ताओं ने डेंजर जोन पर पहाड़ी के सुधारीकरण के लिए विश्व स्तरीय निविदा जारी कर आधुनिक तकनीक का उपयोग किए जाने की मांग की है। संघर्ष समिति के संयोजक विनय किरौला ने कहा कि अल्मोड़ा, पिथौरागढ, बागेश्वर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जल्द ही समन्वय नियुक्त कर बड़ा जनांदोलन खड़ा किया जाएगा। इस दौरान यूकेडी के नेतृत्व में नैनीताल हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर करने पर भी चर्चा हुई। यहां जिलाध्यक्ष यूकेडी दिनेश जोशी, मनोहर सिंह नेगी, चंद्र शेखर बनकोटी, दीवान सिंह बिष्ट, विनोद तिवारी, गिरीश नाथ समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Check Also

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के स्पेशल मॉनिटर विद्या कुमार भूषण का दो दिवसीय अल्मोड़ा दौरा, वनाग्नि से निपटने की तैयारी परखी

-फायर फाइटर्स और महिला समूहों से किया सीधा संवाद   ​अल्मोड़ा: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *