खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए पर्याप्त बजट नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
अल्मोड़ा। उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन जिला इकाई द्वारा खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए बजट उपलब्ध न होने पर चिंता व्यक्त की है। पदाधिकारियों का आरोप है कि बजट मांगने पर विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रभारी संकुल समन्वयकों को मौखिक धमकियां दी गई। जिससे संगठन में आक्रोश है और शिक्षकों का उत्पीड़न करने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
वर्चुअल बैठक में जिले के सभी ब्लाक कार्यकारणी के पदाधिकारी शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए आवंटित धनराशि संकुल समन्वयकों के खातों में न भेजकर उपशिक्षा अधिकारियों के खातों में भेजी जा रही है। साल 2023 में ताड़ीखेत ब्लाक में सभी संकुलों को धनराशि नहीं दी गई तथा धनराशि मांगने पर वेतन रोकने तथा रेड इंट्री करने की मौखिक धमकियां दी गई।
आरोप लगाया कि इस बार भी ताड़ीखेत और सल्ट में जब बजट के संबंध में उप शिक्षा अधिकारी से निर्देश चाहे गए तो वेतन रोकने की धमकी भरा आदेश निकाल कर प्रभारी संकुल समन्वयकों पर दवाब बनाया की वें तीन हजार रुपये में पात्र बच्चों का प्रतिभाग करवाएं। जबकि संकुल तथा ब्लॉक स्तर पर करीब 30-30 स्पर्धाएं होती हैं जिसमें करीब 70 से 90 बच्चे प्रतिभाग करते हैं।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि इस बार संकुल एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में बच्चों के भोजन, बच्चों के बैठने के लिए टेंट, मंच संचालन की उचित व्यवस्था की कमी रही। इन सब अव्यवस्थाओं का कारण, उक्त प्रतियोगिता हेतु प्राप्त होने वाली न्यून धनराशि तथा संगठन के आह्वान पर शिक्षकों द्वारा आर्थिक सहयोग नहीं किया जाना है। जिससे आयोजनों का स्तर निम्नतर रहा। पदाधिकारियों ने अधिकारियों के व्यवहार की निंदा करते हुए इस मामले में डीएम व डीईओ प्रारंभिक को ज्ञापन सौंपने की बात कही।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष किशोर जोशी तथा संचालन जिला मंत्री जगदीश सिंह भंडारी ने किया। वर्चुअल बैठक में जिला संरक्षक मनोज बिष्ट, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह घुघुत्याल, संजय बिष्ट, सुरेंद्र भंडारी, पवन मुस्यूनी, गिरजा भूषण जोशी, गणेश भंडारी, कैलाश जोशी, बलबीर बिष्ट गोविंद जोशी, मनोज पाठक, दिनेश भंडारी, गौरव रावत, जान रावत, जीवन जोशी, शांति जुयाल, जगत मनराल, राम सिंह, जयपाल असनौड़ा, ललित पाण्डेय, जीवन महरा, ललित पालीवाल आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News