अल्मोड़ा। त्योहार के बाद अब प्रवासी व अन्य लोग कार्यस्थलों की ओर लौटने लगे है। ऐसे में कुछ वाहन चालक यातायात नियतों को दरकिनार करते हुए अपने वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियों को बैठा रहे हैं। पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर ओवरलोडिंग करने वाले दो वाहनों को सीज किया गया है। जबकि अन्य यातायात नियम तोड़ने वाले 154 से अधिक वाहन चालकों के चालान किए है।
सड़क हादसों की वजह अधिकांश बार ओवरलोडिंग रहती है। पुलिस व परिवहन विभाग समय समय पर चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करता है। लेकिन कुछ वाहन चालक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ पा रहे हैं। अधिकारियों ने अब ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ अब सख्ती शुरू कर दी है।
त्योहारी सीजन में कोई हादसा न हो और सभी लोग सुरक्षित अपने गंतव्यों पर पहुंचे इसके लिए पुलिस व परिवहन विभाग द्वारा इन दिनों चेकिंग अभियान और तेज कर दिया गया है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही वाहन चालकों व परिचालकों को वाहन में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने और ओवर स्पीड, नशे में वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी जा रही है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी एनएच, दन्या पनार घाट एनएच, रानीखेत स्टेट हाईवे में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर पुलिस ने 113 और परिवहन विभाग ने 41 वाहन चालकों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की। ओवरलोडिंग करने पर दो वाहन सीज किए गए। आरटीओ अनीता चंद ने बताया कि चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियम तोड़ने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
India Bharat News Latest Online Breaking News


