देहरादून: राजधानी देहरादून में बुधवार को दिनदहाड़े व्यस्त तिब्बती मार्किट में एक शख्स को गोली मार दी गई। घटना के बाद घायल शख्स को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 40 साल के अर्जुन शर्मा का घर आईटीबीपी में है। वो जीएमएस रोड पर फर्म अमर दीप के नाम से भारत गैस एजेंसी के मालिक थे। अर्जुन तिब्बती मार्किट के सामने परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आते थे। आज भी वो टेनिस खेल कर वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। अर्जुन रिटायर्ड कर्नल के बेटे थे।
युवक को गोली मारने की सूचना मिलने के बाद एसएसपी दून अजय सिंह अस्पताल पहुंचे। गोली मारने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देहरादून पुलिस ने पूरे शहर की नाकेबंदी कर दी है। सभी चेक पोस्ट पर चेकिंग अभियान चल रहा है।
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड के पीछे करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी का विवाद बताया जा रहा है। ये भी बताया जा रहा है कि अर्जुन शर्मा और उनके भाई को उनकी मां ने प्रॉपर्टी से बेदखल कर रखा था।
वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देहरादून एसएसपी अजय सिंह की ओर से दिए गए निर्देशों पर तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। साथ ही पूरे जिले में पुलिस की ओर से लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे व सर्विलांस के माध्यम से भी घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में जानकारी हासिल की जा रही है।
दो हफ्ते के अंदर चार हत्याकांड
देहरादून में एक के बाद एक हत्याओं से लोग सहमे हुए है। 29 जनवरी को विकासनगर में 18 साल की छात्रा की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 31 जनवरी को ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या हुई थी। और 2 फरवरी को देहरादून में एक युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। जिसके बाद बुधवार यानि 11 फरवरी को देहरादून में फिर एक 40 साल के शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
देवभूमि में तेजी से बढ़ रहे अपराध से लोग चिंता में है। लोगों में भय का माहौल भी है। बढ़ते अपराधों के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे है।
India Bharat News Latest Online Breaking News