अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में देशी दुल्हन की विदेशी दूल्हे के साथ हिन्दू रीति-रिवाज में हुई शादी चर्चा का केंद्र बनी है। 12 फरवरी को अल्मोड़ा चीनाखान निवासी श्रीपूर्णा और फ्रांस के और्हेल्यै गैरंपो विधि विधान से शादी के पवित्र बंधन में बंधे।
यह शादी कसार देवी स्थित एक रिसोर्ट में हुई। विदेशी बारातियों ने कुमाऊनी रीति रिवाज से हुई शादी का खूब आनंद उठाया। ढोल दमाऊ और छोलिया नृत्य दल के साथ बारात निकली। वर पक्ष के साथ फ्रांस से पहुंचे दो दर्जन से अधिक महिला और पुरुष बारातियों ने खूब डांस किया। विदेशी महिलाएं रंग वाली पिछवाड़ा, साड़ी और घाघरा चोली में तो पुरुष मेहमान कुर्ता पजामा और शेरवानी में सजे थे।
वर-वधू ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई और फिर सात फेरे लिए। धूलि अर्घ्य, कन्या दान, फेरे, जयमाला आदि रस्मों में दूल्हा और मेहमान काफी रोमांचित और सहज नजर आए।
मीडिया से बातचीत में दूल्हा और्हेल्यै गैरंपो ने कहा, “मैं बहुत खुश है कि आज श्रीपूर्णा से मेरी शादी अल्मोड़ा कसार देवी में हो रही हैं। यहां की स्थानीय परंपराएं, रीति-रिवाज काफी प्रभावित करने वाली है। ये सब देख मैं काफी अभिभूत है। यहां के लोग भी काफी अच्छे है।”
दूल्हे और्हेल्यै गैरंपो ने आगे कहा, “यूरोप में मैरिज डेस्टिनेशन की कमी नहीं है लेकिन भारतीय संस्कृति वेशभूषा और आध्यात्मिक शांति से प्रभावित होकर मैंने अल्मोड़ा को चुना। हम इससे पहले भी कई बार भारत आए हैं। भारत में विशेष कर उत्तराखंड में आकर आध्यात्मिक शांति का अनुभव होता है। मेरे और परिवार, और हमारे साथ आए मेहमानों के लिए यह शादी पारिवारिक समारोह के साथ आध्यात्मिक शांति यात्रा है।”
अल्मोड़ा के चीनाखान मोहल्ला निवासी ओएनजीसी से रिटायर्ड डीजीएम ध्रुव रंजन जोशी और प्रतिभा जोशी की पुत्री श्रीपूर्णा ने दिल्ली से मास कम्युनिकेशन में बैचलर डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने भारतीय विद्या भवन दिल्ली से टेलीविजन और फिल्म प्रोडक्शन में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। इसके बाद ग्राफिक डिजाइन में डिप्लोमा कोर्स किया।
श्रीपूर्णा ने साल 2020 में फ्रांस की टू लूज यूनिवर्सिटी से मार्केट मनेजिंग एंड कम्युनिकेशन विषय में मास्टर आफ साइंस की डिग्री (एमएससी) हासिल की। 2021 में फ्रांस की स्किपर कंपनी ने उन्होंने डाटा एनालिस्ट के तौर पर मैनेजर एंड एनालिटिक्स कन्वर्जन डिपार्टमेंट में नौकरी हासिल की।
करीब 5 साल से फ्रांस में रह रही अल्मोड़ा की बेटी (भारतीय नागरिक) श्रीपूर्णा अब फ्रांस निवासी एनालिटिक्स एंड कन्वर्जन कंपनी में डेटा एनालिस्ट मैनेजर और्हेल्यै गैरंपों की जीवन साथी बन गई हैं।
India Bharat News Latest Online Breaking News

