Breaking News

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए केंद्र सरकार की बड़ी पहल, 14 साल की किशोरियों को फ्री में लगेगी वैक्सीन, जानिए अल्मोड़ा जिले का लक्ष्य

अल्मोड़ा: केंद्र सरकार 14 वर्ष की किशोरियों के लिए HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान शुरू करने जा रही है। जिले में इस अभियान के तहत पहले चरण में 5 हजार बालिकाओं को चिन्हित किया गया है। यह वैक्सीन महिलाओं में होने वाले कैंसर, खासकर सर्वाइकल कैंसर को रोकने में मददगार होगा। और महिलाओं के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करेगा।

 

यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। सीएमओ डॉ. कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार यानि 28 फरवरी को इस राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसी क्रम में जिला अस्पताल में इस वैक्सीन की लांचिंग की जाएगी। 14 से 15 वर्ष के बीच की बालिकाओं को यह वैक्सीन मुफ्त में लगाई जाएगी। पहले चरण में तय लक्ष्य के अनुरूप 90 फीसदी बालिकाओं का टीकाकरण करना है। इसके बाद उन महिलाओं का चिन्हिकरण किया जाना है जो सर्वाइकल कैंसर से ग्रसित हैं या फिर जिनमें इसकी शुरूआती लक्षण आ चुके हैं।

सीएमओ ने कहा कि देश में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में शामिल है। हर वर्ष हजारों नई मरीज सामने आती हैं और बड़ी संख्या में महिलाओं की जान चली जाती है। कहा कि 14 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी वैक्सीन की पहल केवल एक टीकाकरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को एक गंभीर और जानलेवा बीमारी से सुरक्षित करने की दिशा में व्यापक अभियान होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने किशोरावस्था में ही सुरक्षा कवच देने की रणनीति बनाई है, क्योंकि इस उम्र में लगाया गया टीका सबसे ज्यादा असरदार माना जाता है।

 

मोबाइल हैल्थ वैन सेवा दोबारा होगी शुरू

अल्मोड़ा: भिकियासैंण विकासखंड में ठप पड़ी मोबाइल वैन सेवा को सरकार ने दोबारा संचालित करने का निर्णय ​लिया है। सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि यह सेवा पूर्व में वर्ल्ड बैंक के माध्यम से संचालित हो रही थी। एक साल पहले यह प्रोजेक्ट समाप्त हो चुका था। फिलहाल यह सेवा बंद है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री व स्वास्थ्य सचिव ने इसका संज्ञान लेते हुए इस सेवा को पुन: संचालित करने का निर्णय लिया है। आगामी 3 मार्च को मोबाइल हैल्थ वैन की रिलॉचिंग होगी। यह वैन क्षेत्र के दूरस्थ व दुर्गम क्षेत्रों में जाकर लोगों को सेवा देगी। वैन में एक डॉक्टर, फॉर्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, सीएचओ, एक्सरे टैक्नीशियन शामिल रहेंगे। इस वैन में ओपीडी, एक्सरे, लैब की सभी जांच हो सकेंगी। मरीजों को निशुल्क दवा वितरण किया जाएगा।

 

उपलब्ध संसाधनों में बेहतर सुविधा देने के होंगे प्रयास: सीएमओ

अल्मोड़ा:​ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि कार्यभार संभालने के बाद वें लगातार अस्पतालों का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं व संसाधनों की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों से लोगों को बेहतर व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं देना उनकी प्राथमिकता हैं। जिन अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने की जरूरत है, उसके लिए शासन व निदेशालय को पत्राचार किया जाएगा।

 

एक सवाल के जवाब में सीएमओ डॉ. कुमार ने कहा कि मरीजों को अस्पताल से बाहर की दवाईयां लिखने के मामले में जल्द ही जिले के सभी अस्पतालों के प्रभारियों से वार्ता कर सहयोग प्राप्त किया जाएगा। इसके बाद भी ऐसे प्रकरण सामने आएंगे तो ऐसे डॉक्टर्स को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रेस वार्ता में एसीएमओ डॉ दीपांकर डेनियल मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

Check Also

अपडेट: सड़क हादसे ने छीन ली दो परिवारों की खुशियां, मृतकों की हुई शिनाख्त, हादसे की ये बताई जा रही वजह

अल्मोड़ा: सोमेश्वर थाना क्षेत्र के बसोली में गुरुवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने दो …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *