Breaking News
Oplus_131072

Almora: डिजिटल क्रॉप सर्वे के विरोध में उतरे कर्मचारी, सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर सरकार को चेताया, दी यह चेतावनी

 

अल्मोड़ा: डिजिटल क्रॉप सर्वे के विरोध में उद्यान, राजस्व, गन्ना एवं कृषि विभाग के मान्यता प्राप्त संगठनों की संघर्ष समन्वय ​समिति द्वारा चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिला इकाई द्वारा मंगलवार को सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया। आंदोलनकारियों ने समिति की मांगों पर सकरात्मक निर्णय नहीं लिए जाने पर आंदोलन को उग्र करने और पूर्ण कार्य बहिष्कार किए जाने चेतावनी दी है।

 

प्रांतीय नेतृत्व के आहृवान पर उद्यान, राजस्व, गन्ना एवं कृषि विभाग के फील्ड कर्मचारी मंगलवार को चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में एकत्रित हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने डिजिटल क्रॉप सर्वे के विरोध में नारेबाजी करते हुए सरकार से तत्काल इस निर्णय को वापस लिए जाने की मांग उठाई।

 

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य विभागीय कार्मिकों से कराया जाना तर्कसंगत नहीं है। डिजिटल क्रॉप सर्वे जैसे व्यापक एवं तकनीकी कार्य को अन्य राज्यों की भांति निजी सर्वेयरों के माध्यम से कराया जाना अधिक व्यावहारिक एवं प्रभावी होगा। विभागीय कार्मिकों पर इस अतिरिक्त कार्यभार के कारण उनके नियमित दायित्व प्रभावित हो रहे हैं तथा मानसिक एवं शारीरिक दबाव भी बढ़ रहा है।

 

इस दौरान उत्तरकाशी जिले में कृषि विभाग के कार्मिकों पर की गई कार्यवाही की संगठनों के प्रतिनिधियों व सदस्यों द्वारा कड़ी निंदा की गई। प्रतिनिधियों ने इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए तत्काल प्रभाव से ऐसी कार्यवाहियों को निरस्त करने की मांग की। और सरकार से आग्रह किया कि कार्मिकों की व्यावहारिक समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए डिजिटल क्रॉप सर्वे के लिए वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाए तथा कार्मिकों पर अनावश्यक दबाव एवं दंडात्मक कार्यवाही को समाप्त किया जाए।

 

सांकेतिक धरना प्रदर्शन में मुख्य संयोजक मनोज कुमार, संयोजक आशुतोष लोहनी, यशवंत सिंह बिष्ट, संहसंयोजक तरूण फुलारा, नवीन चंद्र, बहादुर सिंह, मनोज फर्त्याल, अर्चना नेगी, सोनिया कुंवर, राहुल रावत, विपुल चौहान, रोहित मर्तोलिया, निर्मला देवड़ी, जीडी जोशी समेत कई फील्ड कार्मिक मौजूद रहे।

 

Check Also

syalde-bikhauti mela: कुमाऊँ का प्रसिद्ध स्याल्दे-बिखौती मेला 13 अप्रैल से होगा शुरू, तैयारियां हुई तेज

  अल्मोड़ा: द्वाराहाट नगर पंचायत सभागार में स्याल्दे-बिखौती मेले की तैयारियों को लेकर नगर पंचायत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *