अल्मोड़ा(द्वाराहाट): पाली-पछाऊं का ऐतिहासिक स्याल्दे-बिखौती मेले की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में विधायक मदन सिंह बिष्ट ने मेले को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए हर संभव मदद देने की घोषणा करते हुए कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं।
विधायक ने कहा कि मेले को संरक्षित करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने जल संस्थान, विद्युत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मेले के सफल संचालन में व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
नगर पंचायत एवं मेला समिति अध्यक्ष संगीता आर्या की अध्यक्षता एवं सचिव नारायण रावत की संचालन में हुई बैठक में आल, गरख व न्यौज्यूला पार्टी के ठोकदार, ग्राम प्रधान सहित ग्रामीण और नगर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मेले को भव्य बनाने के लिए अपने विचार रखे।
बताया गया की इस बार मेले में 13 अप्रेल को बिखौती, 14 को बट पूजै एवं 15 को मुख्य मेला होगा। इस बार सर्वप्रथम आल उसके बाद न्यौज्यूला धड़े के मेलार्थी मुख्य मेले के दिन ओड़ा भेंट की रस्म अदा करेंगे।
बैठक के बाद विधायक एवं मेला समिति के पदाधिकारियों द्वारा मेले के मुख्य स्तंभ आल, गरख और न्यौज्यूला धड़े के थोकदार एवं पधानों को पिछले वर्ष के 51-51सौ की धनराशि के चेकों का वितरण किया गया। मेले में संस्कृति विभाग से सांस्कृतिक दलों के अलावा स्थानीय स्कूलों व विभिन्न संस्थानों के छात्र-छात्राओं द्वारा भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। लोक कलाकारों को भी बुलाया जाएगा।
बैठक में एसडीएम सुनील राज, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, मेला समिति के उपाध्यक्ष हेम रावत, नारायण अधिकारी, मुकुल चौधरी, जगत रौतेला, गोविंद अधिकारी, डॉ डीपी चौधरी, व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र कांडपाल, रमेश पुजारी, अधिशासी अधिकारी जीवन सिंह रावत, सभासद हेम मठपाल, नीरज साह, रेखा किरौला, नीतू देवी सहित पुलिस प्रशासन के लोग भी मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News