देहरादून: मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दायित्वों का वितरण शुरू कर दिया। शुक्रवार को 14 नेताओं को विभिन्न परिषदों में उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है। इनमें गढ़वाल मंडल से आठ और कुमाऊं से छह नेता शामिल हैं।
सचिव शैलेश बगोली ने नियुक्ति के अलग-अलग आदेश जारी किए। नियुक्ति कार्यभार ग्रहण के दिन से प्रभावी होगी। नैनीताल के ध्रुव रौतेला को मीडिया सलाहकार समिति में उपाध्यक्ष पद पर नामित किया गया है। चम्पावत के मुकेश महराना को चाय विकास सलाहकार परिषद का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जबकि टिहरी के विनोद सुयाल को युवा कल्याण सलाहकार परिषद का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
दूसरी तरफ, चंपावत की हरिप्रिया जोशी को राज्य महिला आयोग में उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। टिहरी की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण को जड़ी-बूटी सलाहकार समिति, भाजपा की पूर्व प्रदेश मंत्री काशीपुर निवासी सीमा चौहान को मत्स्य विकास अभिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
अल्मोड़ा से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह पिलख्वाल को हथकरघा हस्तशिल्प विभाग में उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है। चमोली निवासी भाजपा नेता प्रेम सिंह राणा को जनजाति आयोग और टिहरी के खेम सिंह चौहान को राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद में उपाध्यक्ष बनाया गया है। भावना मेहरा को भी अहम दायित्व दिया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने सभी दायित्वधारियों को बधाई दी है।
देहरादून के चार नेताओं को अहम दायित्व दिए गए हैं। इनमें कुलदीप बुटोला को राज्य स्तरीय खेल परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है। साथ ही चारू कोठारी राज्य निर्माण आंदोलनकारी कल्याण परिषद, अशोक वर्मा को राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद और बलजीत सोनी को अल्पसंख्यक आयोग में उपाध्यक्ष बनाया गया है।
India Bharat News Latest Online Breaking News
