इंडिया भारत न्यूज डेस्क: पिछले छह वर्षों से मार्गशाला फाउंडेशन उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में ग्रामीण युवा उद्यमियों के साथ अपने प्रमुख कार्यक्रम स्वरोजगार फ़ैलोशिप के माध्यम से काम कर रही है। इस कार्यक्रम के तहत युवाओं को अपने व्यवसाय को मजबूत करने, मेंटरशिप प्राप्त करने और अपने समुदायों में स्थानीय रोल मॉडल बनने में सहयोग दिया जाता है।
इसी कार्य को मान्यता देते हुए, अल्मोड़ा की उदय शंकर नाट्य अकादमी में आयोजित समारोह में मार्गशाला फाउंडेशन को Sustainable Development Goal 8: Decent Work and Economic Growth यानी सम्मानजनक रोजगार और आर्थिक विकास के क्षेत्र में योगदान के लिए UNDP SDG Achievers Award से सम्मानित किया गया।
सम्मान प्रक्रिया के तहत UNDP अधिकारियों ने मार्गशाला द्वारा समर्थित युवा उद्यमियों से मुलाकात की और उनके काम, उद्यमशील यात्रा और स्थानीय आजीविका में योगदान को समझा। इस संवाद ने पहाड़ के युवाओं की स्थानीय स्तर पर अर्थपूर्ण अवसर बनाने की क्षमता में विश्वास को और मजबूत किया।
स्वरोज़गार फ़ैलोशिप के पूर्व प्रतिभागी देवेंद्र महोरी, जो लाल बहादुर शास्त्री ट्रैनिंग इंस्टिट्यूट के जरिये कई युवाओं को प्रशिक्षण दे चुके हैं, को भी SDG Young Achiever Award से सम्मानित किया गया। उनकी यह उपलब्धि पहाड़ में निरंतर उद्यमिता सहयोग के प्रभाव को दर्शाती है।
इस सम्मान पर फॉउंडेशन की संस्थापक आद्या सिंह ने कहा यह पुरस्कार उत्तराखंड के ग्रामीण युवाओं के साहस और उद्यमशीलता की पहचान है। यह हमें फिर याद दिलाता है कि पहाड़ के युवाओं को नौकरी खोजने वालों के बजाय रोजगार देने वाले बनने में सहयोग देना कितना महत्वपूर्ण है।
एसोसिएट डायरेक्टर अरुणिमा पांडे ने कहा हम जिन युवा उद्यमियों के साथ काम करते हैं, उनमें हम इस क्षमता को बहुत करीब से देखते हैं। हमारी आशा है कि हम ऐसे और युवाओं को युवा अचीवर बनने और दूसरों के लिए अर्थपूर्ण अवसर बनाने में सहयोग कर सकें।
अब तक मार्गशाला ने उत्तराखंड में पर्यटन, हस्तशिल्प, कृषि, खाद्य, सेवा और अन्य स्थानीय आजीविका क्षेत्रों से जुड़े 200 से अधिक युवा उद्यमों को सहयोग दिया है। संस्था ऐसे उद्यमशील माहौल के निर्माण की दिशा में काम कर रही है, जहां युवाओं के लिए पलायन मजबूरी नहीं, बल्कि एक विकल्प हो।
मार्गशाला का यह कार्य उस व्यापक विकास दृष्टिकोण से भी जुड़ता है, जिसमें आर्थिकी और पारिस्थितिकी को साथ लेकर चलना महत्वपूर्ण माना गया है। उत्तराखंड सरकार भी इस संतुलित विकास की आवश्यकता को रेखांकित करती रही है।
मार्गशाला फाउंडेशन एक गैर-लाभकारी संस्था है, जो उत्तराखंड और हिमालयी क्षेत्र में ग्रामीण युवाओं की आजीविका और उद्यमिता को मजबूत करने के लिए काम करती है। सीखने के कार्यक्रमों, मेंटरशिप, इकोसिस्टम सपोर्ट और डिजिटल ज्ञान संसाधनों के माध्यम से मार्गशाला युवाओं को अर्थपूर्ण स्थानीय आजीविका रास्ते खोजने, शुरू करने और आगे बढ़ाने में सहयोग करती है।
India Bharat News Latest Online Breaking News