Breaking News

राहुल गांधी का अल्मोड़ा दौरा रद्द, फोन से संबोधित कर किया यह वादा, कांग्रेस बोली- 2027 में सत्ता परिवर्तन तय

अल्मोड़ा: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आज होने वाला अल्मोड़ा दौरा खराब मौसम की भेंट चढ़ गया है। मौसम की खराबी और लो विजिबिलिटी के कारण राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा नहीं पहुंच सका और उन्हें आधे रास्ते से ही वापस पंतनगर लौटना पड़ा।

राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में सुबह से ही भारी उत्साह देखा जा रहा था। उनके स्वागत और जनसभा के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और समर्थक कार्यक्रम स्थल पर जुटे हुए थे।

 

अल्मोड़ा न पहुंच पाने के बावजूद राहुल गांधी ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों को निराश नहीं किया। उन्होंने फोन के जरिए जनसभा में मौजूद कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि वे अल्मोड़ा आकर उत्तराखंड के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर विस्तार से बात करना चाहते थे, लेकिन खराब मौसम के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जनता और निराश कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए आश्वासन दिया है कि वे बहुत जल्द दोबारा अल्मोड़ा आने का कार्यक्रम बनाएंगे और उनके बीच पहुंचेंगे।

कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। दोनों नेताओं ने दो टूक कहा कि खराब मौसम के चलते राहुल गांधी भले ही आज यहां नहीं आ पाए हों, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर उमड़ा यह जनसैलाब साफ संकेत दे रहा है कि उत्तराखंड में 2027 में सत्ता परिवर्तन तय है।

 

​उन्होंने प्रदेश की धामी सरकार को घेरते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता भाजपा सरकार की कुनीतियों से पूरी तरह तंग आ चुकी है। प्रदेश सरकार स्वतंत्र रूप से काम करने के बजाय दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए चलाई जा रही है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने संकल्प लिया कि साल 2027 में जनता के आशीर्वाद से उत्तराखंड में पूर्ण बहुमत की कांग्रेस सरकार बनेगी।

 

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया। इसके बाद सरकार को आड़े हाथों लेते हुए रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देश और प्रदेश की तमाम सरकारी संपत्तियों को चंद पूंजीपतियों के हाथों में सौंपने का काम कर रही है। रावत ने उत्तराखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बदतर होते हालातों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जनता अब पूरी तरह से बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि रैली में उमड़ी यह अभूतपूर्व भीड़ देखकर अब भाजपा के नेताओं को अपनी सत्ता हाथ से खिसकने का डर सताने लगा है।

 

जनसभा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, मनोज यादव, विधायक मनोज तिवारी, मदन बिष्ट, हरीश धामी, सुमित हृदयेश, हरीश ऐठानी, राजकुमार ठुकराल, रणजीत रावत, हरीश दुर्गापाल, नारायण पाल, ललित फर्स्वाण, संजीव आर्य, जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, प्रकाश जोशी, तारा चंद्र जोशी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी व हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Check Also

Almora: ब्यूटी पार्लर में आग लगने से लाखों का नुकसान, ऐन वक्त पर नहीं लगा 112 नंबर

-स्थानीय लोगों ने ताला तोड़कर पाया आग पर काबू -आग की घटना ने छीना एकल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *