देहरादून: अंकिता भंडारी मर्डर मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। केस से जुड़े ऑडियो विवाद में पूर्व बीजेपी विधायक सुरेश राठौर को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर भाजपा नेता का नाम हत्याकांड से जोड़ने वाले ऑडियो-वीडियो क्लिप फैलाने का आरोप है।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने आरोप लगाया था कि अंकिता भंडारी के मामले में इंटरनेट मीडिया पर सुरेश राठौर व उर्मिला सनावर के कुछ ऑडियो-वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। इसमें जानबूझकर उनका और भाजपा के अन्य नेताओं का नाम लेकर उन्हें बदनाम करने व साजिश के तहत झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायत के अनुसार, यह पूरी कवायद राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। इसका उद्देश्य जनता को गुमराह कर प्रदेश के माहौल को अशांत करना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि डालनवाला कोतवाली में दर्ज मुकदमे में सुरेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ डालनवाला कोतवाली के अलावा अन्य थानो में भी मुकदमे दर्ज हैं।
गौरतलब है कि सुरेश राठौड़ हरिद्वार के ज्वालापुर विधानसभा से भाजपा के विधायक रह चुके हैं। पिछले दिनों सहारनपुर की रहने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर कई ऑडियो शेयर किए थे। इन ऑडियो को कथित रूप से अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ा बताया गया था।
हाल ही में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से संबंधित आपत्तिजनक ऑडियो और वीडियो क्लिप को सोशल मीडिया से वायरल करने के आरोप में पूर्व विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ दर्ज 4 एफआईआर में से दो को रद्द कर दिया था। हालांकि कोर्ट ने बाकी दो एफआईआर में पुलिस जांच जारी रखने की अनुमति दे दी थी।
India Bharat News Latest Online Breaking News