Breaking News

अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा, कोसी नदी में डूबने से 2 युवकों की मौत, दोस्त को बचाने के प्रयास में दूसरे ने भी गंवाई जान

अल्मोड़ा: जिले में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। कोसी नदी में नहाने गए 2 युवकों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोस्त को डूबता देख दूसरे ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इस प्रयास में दोनों की ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे थाना सोमेश्वर पुलिस को सूचना मिली कि कोसी-सोमेश्वर मार्ग पर देवस्थल के पास दो युवक नदी में डूब गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हुई।

 

स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों की मौत हो चुकी थी।

 

हादसे का शिकार हुए दोनों युवक अविवाहित थे। उनकी शिनाख्त सोनू कनवाल पुत्र स्व. लछम सिंह कनवाल उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी दुगालखोला अल्मोड़ा और धीरज सिंह गढ़िया पुत्र गोपाल सिंह निवासी, बागेश्वर हाल पता हल्द्वानी मोटाहल्दू के रूप में हुई है।

 

बताया जा रहा है कि सोनू और धीरज अपने 3-4 अन्य दोस्तों के साथ कोसी नदी में नहाने गए थे। नहाते समय नदी की गहराई का सही अंदाजा न होने के कारण सोनू पानी में फंस गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए धीरज ने बिना परवाह किए नदी में छलांग लगा दी। धीरज भी खुद को संभाल नहीं पाया और दोनों गहराई में समा गए। साथियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं।

 

पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से दोनों शवों को कब्जे में लेकर बेस अस्पताल पहुंचाया। पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी करने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Check Also

केतन हत्याकांड: अल्मोड़ा में जोरदार प्रदर्शन, प्रदर्शनकारियों ने व्यवस्था की संवेदनहीनता पर उठाए सवाल

अल्मोड़ा: टिहरी गढ़वाल के देवल गांव में युवक केतन लाल की जातिवादी नफरत के चलते …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *