-2027 में अधिकांश सीटों पर चुनाव लड़ेगी उपपा
-परिवर्तन यात्रा के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर करेगी जनसंवाद
अल्मोड़ा: उत्तराखंड में लंबे समय से जल, जंगल, जमीन और जनसरोकार के मुद्दों पर संघर्ष करने वाली उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) ने आगामी विधानसभा चुनाव में अधिकांश सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया है। पार्टी ने इसके साथ ही प्रदेशभर में परिवर्तन यात्रा निकालने की घोषणा की है। इस यात्रा के माध्यम से उपपा गांव-गांव पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद करेगी और राज्य में राजनीतिक व सामाजिक बदलाव का अभियान चलाएगी।
नगर के होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में उपपा के केंद्रीय संयोजक पी.सी. तिवारी ने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्षों बाद भी उत्तराखंड अपनी मूल अपेक्षाओं के अनुरूप विकास नहीं कर सका। सत्ता में रहे राष्ट्रीय दलों ने राज्य के बुनियादी मुद्दों के समाधान के बजाय केवल सत्ता की राजनीति को प्राथमिकता दी, जिसके कारण आज भी महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, प्राकृतिक संसाधनों की लूट, महिलाओं और वंचित वर्गों पर बढ़ते अत्याचार तथा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली जैसी समस्याएं बरकरार हैं।
तिवारी ने कहा कि उपपा उत्तराखंड की अस्मिता और राज्य के मूल सवालों को लेकर संघर्षरत सभी क्षेत्रीय राजनीतिक ताकतों को एक मंच पर लाने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि राज्य की दुर्दशा करने वाली पार्टियों और उनके साथ भागीदारी करने वाले दलों को नकार कर आज एक ऐसी मजबूत राजनीतिक पार्टी को आगे लाने की जरूरत है, जो सिर्फ कुर्सी के लिए नहीं बल्कि जमीनी मुद्दों पर काम करे।
युवाओं के मुद्दों पर बोलते हुए तिवारी ने कहा कि देश और प्रदेश में रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। लेकिन सत्ता में बैठे लोग धर्म, जाति और नफरत की राजनीति कर युवाओं को उलझाने व भटकाने का काम रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा छल कपट की राजनीति करने वालों के भ्रम में आने वाला नहीं है, युवाओं की चेतना अब जाग चुकी है, वह एक बड़ा बदलाव चाहते हैं। हाल के जंतर मंतर पर हुआ युवा आंदोलन इसकी मिसाल हैं।
उपपा नेता तिवारी ने कहा कि पार्टी अपने गठन के समय से ही किसान, मजदूर, नौजवान, रोजगार को मौलिक अधिकार, समान शिक्षा और प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकार जैसे मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगे भी यह लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने प्रदेश की जनता से बड़े बदलाव के लिए पार्टी के साथ जुड़ने का आह्वान किया है।
प्रेस वार्ता में उपपा के प्रधान महासचिव नरेश नौड़ियाल, आनंदी वर्मा, नारायण राम, किरन आर्या आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News