अल्मोड़ा: जैंती तहसील के धामद्यो में शहीद दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। सालम क्रांति के शहीद नर सिंह धानक और टीका सिंह कन्याल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। स्कूली बच्चों ने कार्यक्रम स्थल तक प्रभात फेरी निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोक संस्कृति की झलक भी प्रस्तुत की।
समारोह में स्थानीय विधायक और सांसद के शामिल नहीं होने को लेकर विपक्षी नेताओं ने सवाल उठाए। मुख्य अतिथि एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत विपक्ष के नेताओं ने सत्तापक्ष के जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी पर शहीदों के अपमान के आरोप लगाए।
यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार की ओर से किसी जिम्मेदार प्रतिनिधि का समारोह में नहीं पहुंचना शहीदों का अपमान है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सालम की जनता सरकार को कभी माफ नहीं करेगी।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने भी स्थानीय विधायक और सांसद के समारोह में नहीं पहुंचने को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह शहीदों का अपमान है। कुंजवाल ने कहा कि गत वर्ष मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद समारोह के मंच से क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की घोषणाएं की थीं, लेकिन अभी तक वे धरातल पर नहीं उतर सकी हैं। इससे क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार की गंभीरता स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा कि सरकार की उदासीनता के चलते महाविद्यालय जैंती में विज्ञान संकाय बंद हो गया है।
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुभाष पांडे ने कहा कि स्थानीय आयोजकों की ओर से भाजपा नेताओं को विधिवत आमंत्रित नहीं किया गया था। उन्होंने प्रदेश सरकार की पांच साल की उपलब्धियां गिनाईं।
उक्रांद नेता दिनेश कुंजवाल ने कहा कि उत्तराखंड जिस उद्देश्य के लिए बनाया गया था, उसके 25 वर्ष बाद भी पहाड़ की समस्याएं जस की तस हैं। वक्ताओं ने कहा कि शहीदों के गांव तक विकास के लिए तरस रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांडे के प्रधान भुवन गहरवाल ने की, जबकि संचालन सालम समिति के सचिव प्रताप राम ने किया।
बहुउद्देशीय शिविर में मिलीं 327 शिकायतें
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन की ओर से बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 327 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन पत्र भी प्राप्त किए। पात्र लोगों को दवाएं, उपकरण और अन्य सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 1,359 लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ लिया।
समारोह में पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, ब्लाक प्रमुख लमगड़ा त्रिलोक रावत, ब्लाक प्रमुख धौलादेवी लीला बिष्ट, दीवान सिंह भैसोड़ा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, विधायक प्रतिनिधि तारा मेहरा, यूकेडी नेता दिनेश कुंजवाल, गोपाल बिष्ट, चंदन बिष्ट, प्रदीप बिष्ट, अर्जुन नाथ, माया बर्गली, पूरन बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्याम नारायण पांडे, बलवंत नगरकोटी, तारा बजेठा, कुंदन बिष्ट, पान सिंह बिष्ट, जीवन सिंह, जैंती कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष नाथ सिंह धानक, भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री राजेंद्र सिंह धानक आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News