अल्मोड़ा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर भाजपा एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। अभियान को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी है।
जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने शनिवार को नगर निगम में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि जिले में एक दिन पहले यानि 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन से अभियान की शुरूआत की जाएगी जो 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस अवसर पर रक्तदान, स्वच्छता अभियान, हवन-यज्ञ सहित विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित होंगे। वही, 17 सितंबर को पीएम मोदी का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
नयाल ने कहा कि अभियान के दौरान युवा संपर्क और जनभागीदारी पर केंद्रित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सेवा समर्पण के 25 वर्ष भाजपा की उस निरंतर यात्रा का प्रतीक हैं, जिसमें राजनीति को जनसेवा का माध्यम मानकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया गया है। सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा, जनसंपर्क, जनभागीदारी और समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने वाला व्यापक अभियान है।
जिलाध्यक्ष नयाल ने कहा कि पीएम मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आशीर्वाद का दीया—जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा कार्यक्रम के तहत शाम सात बजे सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए 14 एवं 15 सितंबर को जिले में दीप वितरण कर आमजन से दीप जलाने का आग्रह किया जाएगा। सार्वजनिक, ऐतिहासिक एवं प्रमुख स्थलों पर भी दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं के सपनों और आकांक्षाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा जाएगा। नमो सेवा गाथा के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों एवं जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी।
इसी तरह आंगन का उत्सव में आंगनबाड़ी बहनों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि कहानी बदलाव की के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक कहानियों को सामने लाया जाएगा।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से आमजन को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ा जाएगा। सेवा ज्योति यात्रा सेवा एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचाएगी। सेवा मेरा योगदान के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार समाज और राष्ट्र के लिए योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसके साथ ही सेवा हेतु अभियान के अंतर्गत रक्तदान, स्वच्छता, जनजागरूकता एवं जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यक्रम होंगे। रंगोली कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के संदेश को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं की नवाचार क्षमता को प्रोत्साहित किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, महापौर अजय वर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री गोविंद पिलख्वाल, प्रदेश कार्यकारणी सदस्य रवि रौतेला, बिट्टू कर्नाटक, जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट, कैलाश गुरुरानी, मीडिया प्रभारी मनीष जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष बिपिन भट्ट, नगर महामंत्री देवेंद्र भट्ट, नीरज सांगा, शुभम रौतेला, अभिषेक तिवारी, पंकज रौतेला, आशीष डोगरा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News