अल्मोड़ा: हॉकी और बेसबॉल की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके नगर से सटे खत्याड़ी गांव निवासी अजय कनवाल पुत्र उमेद सिंह कनवाल का निधन हो गया। शनिवार शाम ब्राइट इंड कॉर्नर के पास बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके निधन की खबर से नगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है।
परिजनों के अनुसार अजय शनिवार को व्रत रखते थे। इसी सिलसिले में वह शाम करीब 7 बजे घर से बाजार स्थित शनि मंदिर के लिए निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान ब्राइट इंड कॉर्नर के पास कच्चे रास्ते में उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त मिली। अजय अपनी बुलेट के नीचे दबे हुए थे। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाते लेकिन इससे पहले उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
अजय कनवाल प्रतिभाशाली खिलाड़ी थे। उन्होंने हॉकी के साथ ही सीनियर नेशनल बेसबॉल प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग किया था। वह एचएनबी स्पोर्ट्स स्टेडियम में हॉकी कोच के रूप में भी सेवाएं दे चुके थे। वर्तमान में वह योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे। उनके आकस्मिक निधन से खेल जगत से जुड़े लोगों में शोक व्याप्त है।
हॉकी एसोसिएशन ने जताया शोक
अजय कनवाल के निधन पर अल्मोड़ा हॉकी एसोसिएशन की ओर से रविवार को शोकसभा आयोजित की गई। पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। साथ ही ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोक व्यक्त करने वालों में हॉकी एसोसिएशन के सचिव पंकज टम्टा, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी दीपक वर्मा, किशन खोलिया, संजय गुरुरानी, गणेश शाही, राजेंद्र बिष्ट, चन्देश उपाध्याय, रितेश गुरन, सुंदर जीना, खजान गुरुरानी, आशीष, ललित वर्मा, राजेश बोरा, अंकित साह, रितेश वर्मा, भूपाल चिलवाल, गोकुल शाही आदि शामिल रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News