Breaking News

पारिवारिक रंजिश में खूनी खेल, भतीजे ने चाचा-चाची को रॉड से पीटकर मार डाला, जानिए पूरा मामला

बागेश्वर: कुमाऊं के बागेश्वर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक पुरानी पारिवारिक रंजिश का खौफनाक अंत हुआ। बैजनाथ के नरग्वाड़ी गांव में एक भतीजे ने कथित तौर पर अपने ही बुजुर्ग चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दोनों की हत्या कर दी।

 

घटना रविवार देर रात की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नरग्वाड़ी गांव निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया (52) ने कथित तौर पर अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया (70) और चाची भगवती देवी (62) पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें उपचार के लिए सीएचसी बैजनाथ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के दौरान एक महिला मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।

 

मृतक दंपती की बहू दर्शनी देवी ने आरोप लगाया कि गोविंद पिछले 15 दिनों से परिवार के साथ लगातार गाली-गलौज कर रहा था। घटना के दौरान आरोपी ने उन्हें और उनकी बेटी को भी मारने का प्रयास किया। परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपित पहले भी उनके साथ मारपीट कर चुका था। ऐसे में लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद आखिरकार दो बुजुर्गों की हत्या तक पहुंच गया।

 

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया (52) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सनी लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।

 

एसपी बागेश्वर जितेंद्र मेहरा ने बताया कि मामले में बीएनएस की विभिन्न सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपित ने भी पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Check Also

व्यापार मंडल की बैठक में मिठाई कारोबारियों ने बयां की अपनी पीड़ा, सैंपलिंग के नाम पर उत्पीड़न का लगाया आरोप, आंदोलन की चेतावनी

अल्मोड़ा: व्यापार मंडल की धारानौला में मिठाई व्यापारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *