लोहाघाट (चंपावत): उत्तराखंड में जंगली जानवर लोगों की जान के दुश्मन बने हुए है। मानव वन्यजीव संघर्ष में लोग लगातार अपनी जान गंवा रहे हैं। ऐसी ही एक दुःखद घटना लोहाघाट के सुई डूंगरी गांव से सामने आई है। जहां गुलदार घर के पास से ही 13 वर्षीय किशोर को उठा ले गया। हमले में किशोर की मौत हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक 13 वर्षीय हिमांशु पुजारी पुत्र गंगादत्त पुजारी रायकोट से मेला देखकर घर की ओर आ रहा था। तभी घर से लगभग 30 मीटर की दूरी पर घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और उठा ले गया।
जब हिमांशु घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की लगभग 9:30 बजे के आसपास हिमांशु का शव घर से 30 मीटर नीचे खेतों में मिला। इसके बाद ग्रामीण हिमांशु को लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय लाए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गुलदार गांव के आसपास नजर आ रहा था जिसकी सूचना उनके द्वारा वन विभाग को दी गई थी तथा वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए पिजड़ा लगाने की मांग की गई थी पर वन विभाग के द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया गया। जिस कारण आज एक परिवार ने अपने घर का इकलौता चिराग खो दिया। सूचना पर अस्पताल पहुंचे वन कर्मियों को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।
हिमांशु दो बहनों का इकलौता भाई था, जो कक्षा सात में पढ़ता था। हिमांशु ट्यूशन न जाकर घर से लड़कर रायकोट मेला देखने गया था और मेला देखकर खुशी-खुशी अपने घर की और लौट रहा था पर होनी को कुछ और ही मंजूर था।
आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से गुलदार को आदमखोर घोषित कर मांरने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल फैल गया है। उन्होंने कहा अगर जल्द ही गुलदार को पकड़ा या मारा नहीं जाता है तो गुलदार और भी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है। वही इकलौते बेटे को खोकर माता-पिता व दोनों बहने बेसुध पड़े हुए हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी के द्वारा इस दुखद घटना की सूचना जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ,वन विभाग एसडीएम लोहाघाट को दी गई। सचिन जोशी ने गुलदार को पकड़ने तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
सूचना पर जिलाधिकारी चंपावत तत्काल मनीष कुमार अस्पताल पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली जिसके बाद डीएम ग्रामीणों के साथ तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना हुए। जिलाधिकारी ने घटना पर दुख जताते हुए वन विभाग को तत्काल गुलदार को पकड़ने के लिए पिजड़े लगाने व क्षेत्र में गस्त करने के कड़े निर्देश दिए तथा ग्रामीणों के द्वारा जिलाधिकारी को सड़क बंद करने की जानकारी दी ।
जिलाधिकारी ने सड़क को खोलने का आश्वासन भी ग्रामीणों को दिया जिलाधिकारी ने कहा घटना काफी दुखद है उन्होंने कहा पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी तथा नियमांनुसार मुआवजा देने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सूचना पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी अस्पताल पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा भविष्य में इस प्रकार की घटना ना हो जिसके लिए वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है।
सीएमओ चंपावत डॉक्टर देवेश चौहान अस्पताल पहुंचे उन्होंने बताया अस्पताल आने से पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। सूचना पर लोहाघाट रेंजर रमेश चंद्र जोशी व पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है और ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।
चंपावत जिले के लोहाघाट विधानसभा में इस वर्ष गुलदार तीन लोगों को मौत के घाट उतार चुका है तथा कई लोगों को घायल कर चुका है। लोगों ने प्रशासन से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
India Bharat News Latest Online Breaking News