अल्मोड़ाः डांडाकांडा प्रकरण को लेकर बड़ी खबर है। अपर जिलाधिकारी सी.एस मर्तोलिया ने राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र गोविंदपुर हेमंत कुमार के खिलाफ जांच बैठा दी है। इस पूरे मामले की जांच तहसीलदार सोमेश्वर खुशबु पांडे को सौंपी गई है। वही, पटवारी हेमंत कुमार को राजस्व उपनिरीक्षक चौकी गोविंदपुर से हटाकर सोमेश्वर तहसील कार्यालय में अटैच किया गया है।
दरअसल, दिल्ली सचिवालय में तैनात संयुक्त सचिव ए.वी प्रेमनाथ पर दिल्ली निवासी एक नाबालिग छात्रा ने डांडाकांडा स्थित प्लीजेंट वैली फाउंडेशन में छेड़खानी करने व दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप लगाए थे। जिसके बाद राजस्व पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया था। बाद में यह मामला रेगुलर पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपित ए.वी प्रेमनाथ को हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया था।
वही, इस प्रकरण के सामने आने के बाद पटवारी चौकी गोविंदपुर में तैनात आरएसआई हेमंत कुमार पर मामले को दबाने व पीड़िता की शिकायत का संज्ञान नहीं लेने के आरोप लग रहे है। मामले का संज्ञान लेते हुए प्रभारी डीएम सी.एस मर्तोलिया ने पटवारी हेमंत कुमार के खिलाफ जांच के आदेश कर दिए है।
प्रभारी जिलाधिकारी मर्तोलिया ने बताया कि उप जिलाधिकारी सदर की संस्तुति के आधार पर इस प्रकरण की जांच हेतु तहसीलदार सोमेश्वर खुशबु पांडे को जॉच अधिकारी नामित किया गया है। उन्होंने जांच अधिकारी को प्रकरण की गहनता से जांच कर तथ्यात्मक विस्तृत जांच आख्या 15 दिन के अन्दर जिलाधिकारी कार्यालय को अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने को निर्देशित किया है। उन्होंने बताया कि जांच गठित होने के चलते राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र गोविंदपुर हेमंत कुमार अग्रिम आदेश तक तहसील कार्यालय सोमेश्वर में अटैच रहेंगे।
हमसे व्हाट्सएप पर जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/IZeqFp57B2o0g92YKGVoVz
India Bharat News Latest Online Breaking News