अल्मोड़ा। महिला कांग्रेस ने 40 वां स्थापना दिवस रविवार को बड़ी धूमधाम के साथ मनाया। इसके साथ ही डिजिटल सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिला मुख्यालय में पहली बार सदस्यता अभियान लॉंच किया गया है।
यहां नगर के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट ने कहा कि महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा व उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के आह्वान पर सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने महिलाओं से महिला कांग्रेस से जुड़ने की अपील करते हुए विश्वास दिलाया कि न्याय की लड़ाई में पार्टी उनका साथ देगी।
जिलाध्यक्ष बिष्ट ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के राजनीतिक और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। ताकि महिलाएं राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बन सकें। अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में दस लाख महिलाओं को सदस्यता अभियान के माध्यम से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। जिले में भी सदस्यता अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
प्रेस वार्ता में विधायक मनोज तिवारी, जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, निवर्तमान पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, शोभा जोशी आदि मौजूद रहे।