अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ हाईवे में शनिवार शाम यात्रियों से भरा एक टैंपो ट्रैवलर ब्रेक फेल होने से चितई से आगे कालीधार के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे की सूचना के बाद प्रशासन व पुलिस की टीम घटनास्थल पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, टैंपो ट्रैवलर संख्या डीएल 1 वीसी 4388 में सवार होकर 20 यात्री दिल्ली से पहाड़ घूमने आए हुए थे। शनिवार को सभी ने कसार देवी व चितई गोलू देवता मंदिर में दर्शन किए। शाम करीब 6 बजे सभी जागेश्वर मंदिर को जा रहे थे। चितई से आगे कालीधार के पास टैंपो ट्रैवलर के ब्रेक फेल हो गए। घटनास्थल पर काफी ढलान होने के चलते वाहन ने नियंत्रण खो दिया और सड़क पर पलट गया। वाहन में सवार यात्रियों की चीख पुकार निकल पड़ी। हादसे के दौरान टैंपो ट्रैवलर में 20 यात्री सवार थे।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जगदीश चंद्र देउपा ने बताया कि सभी यात्रियों को एंबुलेंस से पेटशाल स्थित स्वामी विवेकानन्द धर्मार्थ अस्पताल, पेटशाल में भर्ती कराया गया है। 17 यात्रियों को मामूली चोट आई है। जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। जबकि तीन यात्री पूरी तरह सुरक्षित है। खबर लिखे जाने तक घायलों के नाम की जानकारी नहीं मिल पाई थी।