अल्मोड़ा। सालम के अमर शहीद स्व. नर सिंह धानक की 127 वीं जयंती उनके पैतृक गांव चौकुना में धूमधाम से मनायी गई। इस दौरान मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह मेहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा समेत अन्य अतिथियों व स्थानीय लोगों ने स्व. धानक के चित्र पर पुष्पांजलि कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
वक्ताओं ने कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान ब्रिटिश हुकूमत से लोहा लेते समय नर सिंह धानक शहीद हो गए थे। ग्रामीण परिवेश में पले बढ़े नर सिंह बचपन से ही आजादी के आंदोलनों में भाग लिया करते थे।
मुख्य अतिथि जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा ने कहा कि अमर शहीद नर सिंह धानक जैसे देशभक्तों के बलिदान की बदौलत आज हम सभी खुले आसमान के नीचे सांस ले पा रहे है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा ने कहा सामूहिक प्रयास से भविष्य में इस कार्यक्रम को और भव्य करना है। युवक मंगल दल अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह धानक ने स्व. धानक के योगदान पर प्रकाश डाला।
इस दौरान चौकुना के नन्हें मुन्ने बच्चों ने देश भक्ति और कुमाऊंनी, गढ़वाली गीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता भवान सिंह तथा संचालन त्रिलोक सिंह ने किया।
यहां ब्लॉक प्रमुख लमगड़ा विक्रम बगडवाल, ब्लॉक प्रमुख धौलादेवी नरेंद्र सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष कुन्दन सिंह नगरकोटी, निवर्तमान प्रधान व प्रशासक देवी, पूर्व प्रधान कुन्दन बिष्ट, राजेन्द्र जोशी, हर सिंह नेगी, गंगा भट्ट, बिशन नाथ, किशन सिंह, हर सिंह, गोधन सिंह, पान सिंह, प्रताप सिंह, भवान सिंह, रणजीत सिंह, दीपक सिंह, सरस्वती देवी, तुलसी देवी, जानकी देवी समेत कई लोग मौजूद रहे।