Breaking News

युवाओं में बढ़ती नशे की लत चिंताजनक: आईजी रिद्धिम अग्रवाल

अल्मोड़ा। पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल ने कहा कि नशे की बढ़ती समस्या चिंताजनक है। युवाओं को इस लत से बचाने के लिए अभिभावकों समेत समाज को जागरूक रहना होगा। नशे की लती युवाओं को सही रास्ते पर लाने को पुलिस सुधारात्मक कदम उठा रही है वहीं धंधे में लिप्त लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई कर रही है।

जिले के दौरे पर पहुंची आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने पुलिस लाईन में पत्रकार वार्ता में कहा कि, समाज में नशाखोरी विशेषकर सुखा नशा चिंता जनक है। नशे के धंधे में लगे लोगों के खिलाफ पुलिस सख्ती से काम कर रही है, लेकिन इस बुराई के खिलाफ समाज को भी जागरुक होकर आगे आना होगा। उन्होंने कहा दूसरों के बहकावे में शौकिया तौर पर कई बच्चे नशे की चपेट में आ रहे हैं। पकड़े जाने पर पुलिस उन्हें सही रास्ते पर लाने को सुधारात्मक उपायों पर भी काम कर रही है। उन्होंने कहा बच्चों की नशे की लत छुपाने के बजाय पुलिस से मदद ली जाए तो बच्चों का जीवन सुधर सकता है।

एक सवाल के जवाब में आईजी अग्रवाल ने कहा, वर्तमान में प्रदेश मे उत्तर प्रदेश राज्य के समय के मानक के अनुसार पुलिस बल काम कर रहा है, जो काफी कम है। उन्होंने कहा थानों और चौकियों में मानक के मुताबिक पुलिस बल की तैनाती को शासन स्तर पर प्रस्ताव लंबित है। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो पुलिस को पांच हजार और जवान मिल सकेंगे। उन्होंने कहा उपलब्ध पुलिस बल से कानून व्यवस्था बनाए रखना चुनौती तो है, लेकिन पुलिस इस चुनौती को बखूबी निभा भी रही है।

आईजी ने कहा तकनीक के दौर में साइबर क्राइम तेजी से बढ़ रहा है। इसे रोकने के लिए साइबर सेल भी बनाए गए हैं, लेकिन चुनौती से निपटने को यह अपर्याप्त है। पुलिस हर जवान और अधिकारी को तकनीक में दक्ष बनाने को लेकर काम कर रही है, ताकि साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लग सके।

आईजी ने कहा कि पुलिस विभाग कार्मिकों के वेलफेयर, आवास आदि को लेकर काफी सजग है। अल्मोड़ा जिले में पुलिस कर्मियों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए करीब 90 करोड़ की योजना बनाई गई है। जल्दी ही प्रस्ताव बनाकर शासन में भेजा जाएगा। उन्होंने कैंची मंदिर, जागेश्वर धाम आदि धार्मिक और पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों की बढ़नी तादाद को देखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया। कहा पुलिस नेशनल हाईवे पर जाम रहित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस मौके पर एसएसपी देवेंद्र पींचा, एएसपी हरबंश सिंह आदि मौजूद रहे।

Check Also

एसएसजे विवि में सेवाविस्तार को अतिथि व्याख्याताओं का धरना जारी, आत्मदाह की दी चेतावनी, उपपा ने दिया समर्थन

  अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के लक्ष्मण सिंह महर परिसर, पिथौरागढ़ में तैनात रहे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

preload imagepreload image
22:17