Breaking News
Oplus_131072

जाम की समस्या गंभीर होने पर हरकत में आया प्रशासन, अतिक्रमणकारियों और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों पर की सख्ती

अल्मोड़ा। शहर की सड़कों में दिनों दिन जाम की समस्या विकराल होती जा रही है। सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण और नो पार्किंग जोन व सड़क किनारे बेतरतीब से खड़े किए गए वाहन इसकी मुख्य वजह है। समस्या की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को प्रशासन, पुलिस, परिवहन और नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।

इस दौरान टैक्सी स्टैंड, लिंक रोड, शिखर तिराहा से बख्शीखोला तक अभियान चलाकर सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क किए कई वाहनों व दुकानदारों द्वारा फैलाए गए अतिक्रमण को लेकर चालानी कार्रवाई की गई। जबकि कुछ दुकानदारों को भविष्य में अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई करने की हिदायत दी गई।

बख्शीखोला में सड़क काफी संकरी होने के बावजूद कई ओटोमोबाइल कारोबारियों द्वारा सड़क किनारे वाहनों की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। एसडीएम सदर संजय कुमार और सीओ गोपाल दत्त जोशी ने ऐसे प्रतिष्ठान स्वामियों को भविष्य में प्रतिष्ठान से बाहर सड़क पर मरम्मत कार्य करने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। बख्शीखोला में अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है जिससे आला अफसर और आम जनता आए दिन इस समस्या से जूझते रहते हैं।

इस दौरान एसडीएम ने ई रिक्शा में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने के मामले का भी संज्ञान लिया। उन्होंने परिवहन व यातायात पुलिस के अधिकारियों को ऐसे ई रिक्शा चालकों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को अवगत कराया कि नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे ई रिक्शा चालकों की ये मनमानी कभी भी सवारियों की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।

अभियान के दौरान ननि व पुलिस द्वारा पांच—पांच हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान एआरटीओ रश्मि भट्ट, यातायात निरीक्षक दरबान सिंह, सफाई निरीक्षक नगर निगम लक्ष्मण भंडारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

टैक्सी वाहनों को पार्किंग में लगाने के लिए होगा ट्रायल

अल्मोड़ा। नगर में सुव्यवस्थित यातायात व सुगम आवागमन के लिए पुलिस कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। इसमें एसडीएम संजय कुमार, सीओ गोपाल दत्त जोशी, एआरटीओ रश्मि भट्ट, व्यापार मण्डल व टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी शामिल रहे। लिंक रोड पर लगने वाले टैक्सी वाहनों को टैक्सी तिराहे वाली पार्किंग में लगाने के लिए विचार विमर्श किया गया। जल्द ही वाहनों की पार्किंग क्षमता के बारे में आकलन कर ट्रायल करने का निर्णय लिया गया। मुख्य बाजार में वाहनों के प्रतिबन्ध और सुगम आवाजाही कराने के लिए भी चर्चा की गई। बैठक में व्यापार मण्डल अध्यक्ष सुशील साह, देवभूमि व्यापार मण्डल जिलाध्यक्ष मनोज पवार, अजय वर्मा, संजय शाह, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष शैलेन्द्र तिलारा, नीरज पवार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोचों’ के प्रदर्शन के बीच बड़ी खबर, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के आंदोलन के बीच बड़ी खबर सामने आ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *