इंडिया भारत न्यूज़ डेस्क: अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया। इसमें 12 क्रू मेंबर समेत 242 लोग सवार थे। अब तक हादसे में केवल एक यात्री के जिंदा बचने की बात आई है। बाकी सभी लोगों की मौत हो गई है।
प्लेन की सीट नंबर 11-A पर बैठे हुए भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार हादसे में जिंदा बच गए हैं। उनका वीडियो भी सामने आया है।
एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI-171 अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडा नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात शामिल हैं। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे।
एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अहमदाबाद प्लेन क्रैश में हुई मौतों की जानकारी दी है। एयर इंडिया ने लिखा है कि उसकी फ्लाइट संख्या एआई171 में 242 यात्री सवार थे। इनमें से 241 लोगों की मौतों की पुष्टि हो चुकी है। सिर्फ़ एक बचे हुए यात्री का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसमें अन्य मौतों की संख्या शामिल नहीं है।
एयर इंडिया ने बताया है कि उसने ज्यादा जानकारी के लिए डेडिकेटेड पैसेंजर हॉटलाइन शुरू की है, जिसका नंबर है 1800 5691 444, जो लोग भारत से बाहर से कॉल कर रहे हैं वो +918062779200 पर कॉल कर सकते हैं।
विमान दुर्घटनास्थल से अब तक 81 शव बरामद हुए है। NDRF इंस्पेक्टर विनय कुमार ने मीडिया को बताया कि हमने अब तक 81 शव बरामद किए हैं। NDRF की सात टीमें तैनात की गई हैं।
दुर्घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार देर शाम अहमदाबाद पहुंचे। उन्होंने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया, इसके बाद सिविल अस्पताल में घायल यात्रियों और जीवित बचे इकलौते ब्रिटिश नागरिक से मुलाकात की। उन्होंने इस त्रासदी को “राष्ट्रीय आपदा” करार देते हुए कहा कि इसने पूरे देश को गहरे शोक में डाल दिया है।
अमित शाह ने कहा कि हादसे के तुरंत बाद ही भारत सरकार ने राहत बचाव की सभी इकाइयों को अलर्ट कर दिया था। सभी ने मिलकर राहत बचाव का काम चालू किया। गुजरात में ही 1000 से ज्यादा डीएनए टेस्ट करने पड़ेगे। एविएशन डिपार्टमेंट ने जांच तेज कर दी है। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए गृह मंत्री ने कहा कि मैं एक बात कहना चाहता हूं कि एक्सीडेंट को कोई रोक नहीं सकता।