पांच विकासखंडों में 632 बूथों पर होगा मतदान, 137774 पुरुष और 129057 महिला मतदाता करेंगे वोट
अल्मोड़ा। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे व अंतिम चरण में पांच विकासखंडों में वोटिंग आज होगी। जिसमें सल्ट, स्याल्दे, भिकियासैंण, हवालबाग व द्वाराहाट ब्लाक शामिल हैं। इन पांचों ब्लाकों में कुल 266831 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें 137774 पुरुष मतदाता और 129057 महिला मतदाता शामिल हैं।
दूसरे चरण में 580 ग्राम पंचायतों के 632 बूथों पर मतदान होगा। कुल 4896 पदों के लिए 1881 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिनकी राजनीतिक किस्मत आज बैलेट बॉक्सों में कैद हो जाएगी। पांचों ब्लाकों में गांव का मुखिया यानि ग्राम प्रधान बनने के लिए 580 पदों पर 1198 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्य के 180 पदों पर 528 प्रत्याशी और जिला पंचायत सदस्य के 22 पदों पर 112 उम्मीदवार चुनावी रण में हैं।
172 पोलिंग बूथ संवेदनशील और 78 बूथों को अंतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। जहां फोर्स की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। वही, रविवार को संबंधित विकासखंड मुख्यालयों से मत पेटियां एवं आवश्यक सामग्री वितरित कर पोलिंग पार्टियों को गंतव्यों को रवाना किया गया।
पोलिंग पार्टियों और मतगणना की व्यवस्थाएं परखी
अल्मोड़ा। दूसरे चरण के चुनाव से पूर्व जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय और एसएसपी देवेंद्र पींचा ने भिकियासैंण पहुंचकर मतदान के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं का परखा। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने पोलिंग पार्टियों के प्रस्थान स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। मतदान सामग्री वितरण केन्द्रों की सुरक्षा, लॉजिस्टिक सपोर्ट तथा वर्षा से बचाव के लए की गई तैयारियों का परीक्षण किया गया। उन्होंने सभी पोलिंग पार्टियों को समय से सामग्री सुलभ कराई जाए और व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न होने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए सुरक्षा बलों को अतिरिक्त चौकसी बरतने को कहा गया। इस दौरान एडीएम सीएस मर्तोलिया, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, सीओ विमल प्रसाद आदि मौजूद रहे।
मतगणना कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण
अल्मोड़ा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रविवार को उदय शंकर नाट्य अकादमी में मतगणना से जुड़े 785 कार्मिकों को मतगणना प्रक्रिया की संपूर्ण रूपरेखा, जिम्मेदारियों के विभाजन, गोपनीयता बनाए रखने, त्रुटिरहित गणना और परिणाम घोषणा की प्रक्रियाओं को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। और प्रत्येक चरण का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। मतगणना के लिए जिले के 11 विकासखंडों में 122 मतगणना टेबल लगाई जाएंगी। और 35 मतगणना पार्टियां रिजर्व रखी गई है। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक एवं चार मतगणना सहायक नियुक्त किए जाएंगे।
India Bharat News Latest Online Breaking News