Breaking News
Oplus_131072

पंचायत चुनाव 2025: अल्मोड़ा में दूसरे चरण में 59.24 प्रतिशत मतदाताओं ने किया वोट, यहां देखें विकासखंडवार मत प्रतिशत

अल्मोड़ा। जिले में पंचायत चुनाव के दूसरे में चरण की मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई है। पांच विकासखंडों हवालबाग, द्वाराहाट, सल्ट, स्याल्दे और भिकियासैंण ब्लॉक की 580 ग्राम पंचायतों के 632 बूथों पर मतदान हुआ। दूसरे चरण के हुए चुनाव में 59.24 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। जबकि पहले चरण के छह विकासखंडों में 60.19 प्रतिशत मतदान हुआ था।

 

राप्रावि बर्शिमी बूथ में वोट करने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते मतदाता

 

पांच ब्लाकों में कुल 266831 मतदाताओं में से 158065 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 76805 पुरुष व 81260 महिला मतदाताओं ने वोट किया। हवालबाग ब्लाक में 64.61 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां कुल 40145 मतदाताओं ने वोट डाले। इनमें 20974 महिलाएं और 19567 पुरुष वोटर शामिल है।

 

द्वाराहाट में 57.69 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। डाले गए कुल 34774 वोट में 18841 महिला और 15933 पुरुष मतदाता है।

सल्ट में मतदान प्रतिशत 58.63 रहा। यहां 38405 लोगों ने मताधिकार का उपयोग किया। इनमें 18687 महिला और 19718 पुरुष मतदाता शामिल है।

स्याल्दे ब्लॉक में 24719 मतदाताओं ने वोट डाले। इनमें 13045 महिला और 11674 पुरुष मतदाता शामिल है। यहां 59.80 प्रतिशत मतदान हुआ।

भिकियासैंण ब्लॉक में 53.08 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। कुल पड़े वोट 19626 में से 9713 महिला और 9913 पुरुष मतदाताओं ने वोट किया। पांचों विकासखंडों में मतदान प्रतिशत का औसत 59.24 रहा।

 

देवली बूथ में लगी मतदाताओं की कतारें।

 

कई बूथों में निर्धारित समय पांच बजे के बाद भी मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रही। बारिश के बावजूद मतदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बारिश में लोग लाइन में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। देर शाम तक पोलिंग पार्टियों ने सम्बंधित विकासखण्ड मुख्यालयों को वापसी की। जहां बैलेट बॉक्स और निर्वाचन सामग्री जमा करने के बाद मतदान कर्मी देर रात तक अपने-अपने निवास स्थान की ओर लौटे।

 

घनेली गांव में बुजुर्ग मतदाताओं ने पंचायत चुनाव में बढ़चढ़ के भाग लिया।

 

प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत बैलेट बॉक्स में बंद

अल्मोड़ा। दूसरे चरण में ग्राम प्रधान पद के लिए 580 पदों पर 1198, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 180 पदों पर 528 प्रत्याशी और जिला पंचायत सदस्य के 22 पदों पर 112 उम्मीदवार चुनावी रण में हैं। कुल 4896 पदों के लिए 1881 उम्मीदवार चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिनकी राजनीतिक किस्मत मतदान के साथ ही बैलेट बॉक्सों में कैद हो गई हैं।

दूसरे चरण के मतदान में भी पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं ने वोट करने में अधिक दिलचस्पी दिखाई। भिकियासैंण व सल्ट ब्लॉक को छोड़कर बाकि तीन विकासखंडों हवालबाग, द्वाराहाट, स्याल्दे में अपना प्रतिनिधि चुनने में महिलाएं, पुरुषों से आगे रही।

 

Check Also

हवालबाग विकासखंड में हुई प्रधान संगठन की बैठक, मानदेय वृद्धि और भुगतान व्यवस्था के मुद्दे प्रमुखता से उठे

अल्मोड़ा: हवालबाग विकासखंड सभागार में बुधवार को आयोजित प्रधान संगठन की बैठक में ग्राम प्रधानों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *