अल्मोड़ा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत जिले के सभी 11 विकासखंडों में सोमवार को नामांकन प्रकिया सम्पन्न हुई। सल्ट और ताकुला ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद के लिए एक-एक नामांकन दर्ज होने से यहां निर्विरोध निर्वाचन तय है। शेष ब्लॉकों के नौ क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद लिए 24 दावेदार मैदान में है। धौलादेवी में सबसे अधिक चार नामांकन भरे गए हैं।

सल्ट में प्रमुख पद के लिए नामांकन कराने वाली कंचन रावत और ताकुला में मीनाक्षी आर्या एकमात्र आवेदक हैं। एक ही दावेदार होने से इन दोनों का निर्विरोध प्रमुख बनना तय माना जा रहा है। कंचन रावत कांग्रेस नेता रंजीत रावत की पुत्रवधू और मीनाक्षी आर्या कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के भाई की पत्नी (बहू) है।
धौलादेवी में प्रमुख पद के लिए आशा नेगी, चित्रलेखा सिंगवाल, मीना भैंसोड़ा, लीला बिष्ट, हवालबाग में हिमानी कुंडू और बबीता भाकुनी, द्वाराहाट में कुंती फुलारा, आरती, ममता भट्ट ने नामांकन दर्ज कराया है। लमगड़ा में त्रिलोक सिंह, राधा बिष्ट, विनीत बोरा, स्याल्दे में भूपाल सिंह और मथुरा दत्त आमने-सामने होंगे।
भिकियासैंण में प्रमुख पद पर गीता देवी, दीपक करगेती, सतीश नैनवाल, भैंसियाछाना में प्रमुख पद पर नीमा आर्या व सूरज कुमार ने नामांकन कराया है। ताड़ीखेत में बबली मेहरा, विमला रावत व रचना रावत और चौखुटिया में महेश लाल और चेतना नेगी ने प्रमुख पद पर नामांकन दर्ज किया है।
पत्नी प्रमुख और पति होंगे जेष्ठ प्रमुख
अल्मोड़ा। क्षेत्र पंचायत प्रमुख, जेष्ठ प्रमुख और कनिष्ठ प्रमुख बनने के लिए जहां कई उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं, वहीं सल्ट ब्लॉक में प्रमुख पद पर पत्नी तो ज्येष्ठ प्रमुख के लिए पत्नी ने नामांकन दाखिल किया है। दोनो पदों पर एकमात्र उम्मीदवार होने से ब्लॉक सरकार की कमान रावत दंपति के पास आना तय है।
सल्ट में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए कांग्रेस के पूर्व विधायक रणजीत रावत की पुत्रवधू कंचन रावत ने, जेष्ठ प्रमुख पद पर बेटे विक्रम रावत ने नामांकन दर्ज किया था। निर्धारित समय तक इन पदों पर अन्य किसी प्रत्याशी ने उम्मीदवारी नहीं दाखिल की। दोनो पदों पर एक-एक ही नामांकन दर्ज हैं। जांच में दोनों दाखिल नामांकन वैध पाए जाने पर दोनों का निर्विरोध निर्वाचन तय है।
India Bharat News Latest Online Breaking News